बिहार म्यूजियम पहुंचीं सोना महापात्रा, पोस्ट में दिखाई भारत की समृद्ध विरासत की झलक

पटना, 27 मार्च (आईएएनएस)। अपने दमदार गानों और बेबाक अंदाज के लिए जानी जाने वाली सिंगर सोना महापात्रा ने हाल ही में बिहार के पटना स्थित बिहार म्यूजियम का दौरा किया। उन्होंने म्यूजियम में बिताए अपने अनुभव को जिस तरह से शब्दों में बयान किया, उसने लोगों का ध्यान खींचा। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कई तस्वीरें साझा कीं, जिनमें म्यूजियम की खूबसूरती और वहां रखी ऐतिहासिक धरोहरें नजर आईं।
सोना महापात्रा ने इंस्टाग्राम के कैप्शन में लिखा, “गांधी मैदान में अपने कॉन्सर्ट से पहले मैंने बिहार म्यूजियम का दौरा किया। यह हमें हमारी असली पहचान की एक गहरी याद दिलाती है। यहां दीदारगंज यक्षिणी की मूर्ति बेहद सुंदर, चमकदार और जीवंत लगती है, जिसे हजारों साल पहले हमारे कलाकारों ने बनाया था। मौर्य और गुप्त काल की शानदार कलाकृतियों की बारीकी भी शानदार है। यह जगह भारतीय कल्पना, कला और आत्मविश्वास को सदियों से संजोकर रखे हुए है।”
उन्होंने कैप्शन में आगे लिखा, ”लाफिंग गर्ल की अनोखी मूर्ति बेहद आकर्षक है। मुझे बहुत खुशी है कि बिहार म्यूजियम के लोगों ने इस प्राचीन धरोहर की एक प्रतिकृति मुझे भेंट की, जो अब मेरे घर में सजी है और हर दिन खुशी देती है।”
अपने पोस्ट में उन्होंने म्यूजियम की डिज़ाइन की भी खूब तारीफ़ की। उन्होंने लिखा, ”इस म्यूजियम को जापान की एक आर्किटेक्चर कंपनी ने डिज़ाइन किया है, जिसमें साफ़-सुथरी लाइनों, खुले स्थानों और एक ऐसे एम्फीथिएटर की व्यवस्था है, जो सोचने और प्रस्तुति देने दोनों के लिए प्रेरित करता है। मैं उन लोगों का धन्यवाद करती हूं, जो इस विरासत को इतनी लगन से संभाल रहे हैं।”
पोस्ट में आखिर में सोना महापात्रा ने उम्मीद जताई कि बिहार और पूरे भारत में इसी तरह की सुंदरता, साफ-सफाई और गरिमा आगे भी देखने को मिले।
बता दें कि सोना महापात्रा ने अपने कई लोकप्रिय गानों के जरिए लोगों के दिलों में जगह बनाई हुई है। उनके गाने जैसे सोना महापात्रा ‘रुपैया’, ‘घर याद आता है मुझे’, ‘अंबरसरिया’, ‘बहारा’, ‘नैना’, ‘लोरी’, ‘जिया लागे ना’ समेत तमाम गाने लोगों केी प्लेलिस्ट में शामिल रहते हैं।
–आईएएनएस
पीके/एएस