राम मंदिर बनने के बाद अब रामत्व को जनजीवन में उतारने की जरूरत: विनोद बंसल


नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने गुरुवार को रामनवमी के मौके पर देशवासियों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि अब जब भगवान राम का मंदिर बनकर तैयार हो गया है, तो हर व्यक्ति को भगवान राम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि 9 नवंबर 1989 को हमारे हिंदू समाज के दलित वर्ग के लोगों ने कामेश्वर चौपाल के हाथों से मंदिर की पहली ईंट रखी थी। उस ईंट की पूर्णता अब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने की, जो की जनजाति समाज से आती हैं। उन्होंने स्वयं अपने हाथों से श्रीराम यंत्र की स्थापना करके इस मंदिर की पूर्णता की। साथ ही कार्यक्रम में स्त्री शक्ति का भी बड़ा महत्व था। मंदिर की पूर्णता की घोषणा तीन महान नारियों राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, माता अमृतानंदमयी और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के हाथों से हुई, जिसने समाज में एक अलग उत्साह और हर्ष का माहौल पैदा किया।

विनोद बंसल ने कहा कि यह उत्सव पूरे देश में बड़े पैमाने पर मनाया जा रहा है। देशभर में हजारों स्थानों पर रामनवमी की शोभायात्राएं और आयोजन हो रहे हैं। पिछले नौ दिनों से लगातार श्री राम महोत्सव का आयोजन चल रहा है और यह कार्यक्रम 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के साथ संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि लाखों लोगों ने राम मंदिर के लिए संघर्ष किया और अपना सर्वस्व न्योछावर किया। ऐसे लोगों को याद करते हुए और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए वे पूज्य संत जैसे अशोक सिंघल और रामचंद्र दास जी महाराज के चरणों में नमन करते हैं।

उन्होंने कहा कि अब राम मंदिर बनकर तैयार हो गया है और इसकी पूर्णता की घोषणा हो चुकी है। अब जरूरत है कि रामत्व के आदर्शों को जनजीवन और समाज में उतारा जाए। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि राम के आदर्शों को अपनाते हुए समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव को दूर किया जाए। किसी भी तरह के धर्मांतरण को स्वीकार न किया जाए और हिंदू समाज को मजबूत बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश की प्रगति, विश्व की शांति और उन्नति के लिए हमें भाई-भाई की भावना के साथ सभी लोगों से प्रेमपूर्वक पेश आना चाहिए। समाज में सहिष्णुता और समानता बनाए रखते हुए हर व्यक्ति को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए।

विनोद बंसल ने लोगों से अपील की कि रामनवमी और राम महोत्सव के इन आयोजनों में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने जीवन में राम के आदर्शों को उतारें। उन्होंने कहा कि जैसे राम थे, वैसे हम बनें और राम के आदर्शों को समाज के हर व्यक्ति के जीवन में अपनाएं।

इस मौके पर देश के अलग-अलग हिस्सों-बिहार, बंगाल, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में भी अभूतपूर्व कार्यक्रम हो रहे हैं। विनोद बंसल खुद शाम को दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे इन आयोजनों में हिस्सा लेकर रामनवमी और राम मंदिर की पूर्णता का जश्न मनाएं।

उन्होंने अंत में सभी रामभक्तों और हिंदू समाज के लोगों को हृदय से शुभकामनाएं दी और कहा कि राम के आदर्शों के अनुसार चलकर ही हम समाज और देश को आगे बढ़ा सकते हैं।

–आईएएनएस

पीआईएम/पीएम


Show More
Back to top button