हाथरस पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन लुटेरों को किया गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

हाथरस, 26 मार्च (आईएएनएस)। हाथरस एसओजी टीम व थाना सिकंद्राराऊ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक को लूटने वाले तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी यश कसाना एवं विशाल गोली लगने से घायल हो गए। वहीं, कांबिंग के दौरान आरोपी विक्की को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, 3 तमंचे, 8 कारतूस और लूटे हुए 50,000 रुपए बरामद हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, सिकंद्राराऊ क्षेत्र के डुकरिया बम्बे पर ग्राहक सेवा केंद्र संचालक अमित निवासी टटी डण्डिया से 18 मार्च को काली स्कॉर्पियो सवार बदमाशों द्वारा लूटपाट की घटना की गयी थी। पुलिस इस मामले में केस दर्ज जांच कर रही थी। इसी बीच पुलिस को लुटेरों के बारे में सूचना मिली।
अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाह के मुताबिक लुटेरों की सूचना पर पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की गई तो वही काली स्कॉर्पियो पुलिस को आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने पुलिस को देखकर वरुतरखास के सामने जाने वाले कच्चे रास्ते पर गाड़ी दौड़ा दी। बदमाशों ने अपने आपको घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस पर एसओजी टीम और सिकंद्राराऊ पुलिस द्वारा अपने बचाव में फायरिंग की गई।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से यश सिंह निवासी गाजियाबाद और विशाल निवासी कासगंज घायल हो गए जबकि विक्की निवासी इटावा को भागते हुए गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 1 स्कॉर्पियो, 3 तमंचा, आठ कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी व बरामदगी के संबंध में सिकंद्राराऊ पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा लूट में कौन-कौन शामिल थे, इस संबंध में पुलिस पूछताछ कर रही है।
–आईएएनएस
ओपी/पीएम