सीएसके ने खराब रणनीति अपनाई और उसे बदलने की कोशिश भी नहीं की: अंबाती रायुडू


नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सीएसके को 43 रन से हार का सामना करना पड़ा। सीजन के तीसरे मैच में सीएसके की यह तीसरी हार थी। मैच के बाद पूर्व क्रिकेटर आरोन फिंच और अंबाती रायुडू ने सीएसके की रणनीति पर सवाल उठाए।

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान आरोन फिंच ने ईएसपीएनक्रिकइंफो पर सीएसके की रणनीति और ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक कप्तान के तौर पर उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। यहां समस्या सिर्फ योजना की नहीं बल्कि उसे ठीक से लागू करने की भी थी। योजना और कार्यान्वयन दोनों असफल हो तो टीम के लिए चिंता का विषय बन जाता है।

फिंच ने खासतौर पर जेमी ओवरटन की गेंदबाजी का जिक्र करते हुए कहा कि वह लगातार राउंड द विकेट गेंदबाजी करते रहे, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा कि प्लान बदलना चाहिए। ऐसे दबाव वाले हालात में कप्तान और टीम को तुरंत फैसले लेने की जरूरत होती है।

सीएसके के लिए खेल चुके भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने कहा कि सीएसके सिर्फ खराब योजना पर टिकी रही। उसे बदलने की कोशिश नहीं की। टीम को बीच-बीच में खेल को धीमा करके रणनीति पर दोबारा सोचने की जरूरत थी।

रायुडू ने सीएसके की गेंदबाजी में अनुभव की कमी और खराब फॉलो-अप गेंदों को भी हार की बड़ी वजह बताया। उनका मानना है कि अच्छे डेथ बॉलर छक्का खाने के बाद अगली गेंद पर वापसी करते हैं, जो सीएसके के गेंदबाज नहीं कर सके।

आरसीबी का स्कोर 15 ओवर में 153/3 था। टीम ने आखिरी के 5 ओवरों में 97 रन बनाए, जो सीएसके पर भारी पड़े। इस दौरान खलील अहमद, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, और जेमी ओवरटन जैसे गेंदबाजों ने खूब रन लुटाए।

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 3 विकेट पर 250 रन बनाए थे। सीएसके 19.4 ओवर में 207 रन पर सिमट गई और 43 रन से मैच हार गई। सीएसके अपने शुरुआती 3 मैच गंवाकर अंकतालिका में दसवें नंबर पर है।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button