एक्जिम बैंक जॉब अलर्ट: मैनेजर सहित कई पदों के लिए आवेदन शुरू, 15 अप्रैल लास्ट डेट


नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। एक्सपोर्ट इम्पोर्ट बैंक ऑफ इंडिया (एक्जिम बैंक) ने मैनेजर समेत कुल 6 पदों पर भर्ती के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।

एक्जिम बैंक की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, उन्हें आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

एक्जिम बैंक ने जिन 6 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें मैनेजर (इंटरनल ऑडिट) के 2, डिप्टी मैनेजर (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट) के 2 और डिप्टी मैनेजर (एडमिनिस्ट्रेशन) के 2 पद शामिल हैं।

एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद के अनुसार न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन, पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री या डिप्लोमा एमबीए/पीजीडीबीए/पीजीडीबीएम/एमएमएस संबंधित विशेषज्ञता में होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और अनुभव होना भी अनिवार्य है।

अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 21 साल और अधिकतम आयु 35 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 31 जनवरी के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य उम्मीदवारों का चयन लिखित टेस्ट, शॉर्टलिस्टिंग, पर्सनल इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 48,480 से 93,960 रुपए के बीच प्रति महीने होगी।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एक्जिम बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद जारी पद से सक्रिए आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज और फॉन्ट में अपलोड करें। इसके बाद एप्लीकेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म सबमिट कर दें। लास्ट में रजिस्ट्रेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।

–आईएएनएस

डीके/डीकेपी


Show More
Back to top button