टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद सिंगापुर में परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिता रहे गौतम गंभीर


सिंगापुर, 25 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम को अपने मार्गदर्शन में टी20 विश्व कप विजेता बनाने के बाद हेड कोच गौतम गंभीर परिवार के साथ छुट्टी का लुत्फ उठा रहे हैं। फिलहाल गौतम गंभीर पत्नी नताशा और दो बेटियों, आजीन और अनाइजा के साथ सिंगापुर में क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं।

टीम इंडिया ने 8 मार्च को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया था। जब भारत ने अपना तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता, तब गंभीर का परिवार भी अहमदाबाद में ही मौजूद था।

गौतम गंभीर ने इंस्टाग्राम पर परिवार के साथ कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। एक तस्वीर में वह अपनी छोटी बेटी अनाइजा को कंधे पर बैठाए नजर आ रहे हैं।

अपनी कोचिंग में भारत को विश्व कप विजेता बनाने से पहले गौतम गंभीर बतौर खिलाड़ी भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2007 और वनडे वर्ल्ड कप 2011 का खिताब दिला चुके थे। अब वह खिलाड़ी और कोच, दोनों ही भूमिकाओं में इस टूर्नामेंट को जीतकर अपने करियर में खास मुकाम हासिल कर चुके हैं।

गौतम गंभीर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को बतौर कप्तान दो बार खिताब दिला चुके हैं। उन्होंने साल 2012 और 2014 में कोच के तौर पर यह टाइटल जीता था। इसके बाद मेटॉर के तौर पर उन्होंने साल 2024 में केकेआर को आईपीएल का खिताब जिताया।

भारतीय क्रिकेट टीम अब अफगानिस्तान के खिलाफ एक मल्टी-फॉर्मेट सीरीज में हिस्सा लेगी। इस सीरीज में जून 2026 में एक टेस्ट मैच और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे, जिसके बाद टीम दो टी20 मुकाबलों के लिए आयरलैंड का दौरा करेगी। इसके बाद भारत इंग्लैंड का दौरा करेगा, जहां टीम पांच टी20 मैचों की सीरीज और उसके बाद तीन वनडे मुकाबलों की सीरीज खेलेगी।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button