देश में खाद की कमी नहीं, संकट है, लेकिन समाधान भी है: शिवराज सिंह चौहान


गोरखपुर, 25 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को गोरखपुर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। शिवराज सिंह क्षेत्र में चल रही कृषि पहलों का आकलन करेंगे और ग्रामीण विकास कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे। कृषि मंत्री ने दावा किया कि देश में खाद की कोई कमी नहीं है।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “गोरखपुर की पवित्र भूमि पर आकर हृदय आनंद और प्रसन्नता से भर जाता है। यह ज्ञान, भक्ति और कर्म का संगम है। यह भूमि भगवान बुद्ध की शांति, कबीर की क्रांति और गुरु गोरखनाथ की आध्यात्मिक शक्ति का वास है।”

उन्होंने पिछली सपा सरकार भ्रष्टाचारी बताते हुए भाजपा सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा, “सपा की सरकार में उत्तर प्रदेश की पहचान भय और भ्रष्टाचार के रूप में होती थी। पीएम मोदी-सीएम योगी की जोड़ी ने उत्तर प्रदेश को देश में विकास का प्रतीक बना दिया है।

शिवराज सिंह ने कहा, “देश में खाद की कोई कमी नहीं है। हमारे किसान भाइयों और बहनों को आश्वस्त रहना चाहिए कि हमारे पास पर्याप्त उर्वरक व्यवस्था है। कृषि कार्यों में कोई समस्या नहीं होगी। सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दिन-रात काम कर रहे हैं। संकट है, लेकिन समाधान भी है।”

उन्होंने ओम प्रकाश पासवान जी की 30वीं पुण्यतिथि पर प्रतापपुर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लिया और श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, उन्होंने गोरखपुर स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर बालिका इंटर कॉलेज में पौधरोपण किया और गुरु श्री गोरक्षनाथ का दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके अलावा कृषि मंत्री ने कई अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

–आईएएनएस

ओपी/डीकेपी


Show More
Back to top button