पूर्वी अफगानिस्तान के मुख्य हाईवे पर हादसा, एक की मौत और पांच घायल


काबुल, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्वी अफगानिस्तान के वर्दक प्रांत में काबुल-कंधार हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। यह जानकारी रविवार को सरकारी बख्तर न्यूज एजेंसी ने दी।

यह टक्कर शनिवार शाम प्रांत के सैयद अबाद जिले में हुई। सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने बताया कि हादसे के बाद, घायलों को तुरंत इलाज के लिए पास के मेडिकल सेंटर ले जाया गया।

इस घटना ने अफगानिस्तान के जरूरी ट्रांसपोर्टेशन कॉरिडोर पर सड़क सुरक्षा की चुनौतियों की ओर फिर से ध्यान खींचा है।

3 अप्रैल को, पूर्वी अफगानिस्तान के गजनी प्रांत में भी एक पैसेंजर बस की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई थी और 13 घायल हो गए थे।

प्रांतीय पुलिस के प्रवक्ता खालिद सरहदी ने बताया कि यह जानलेवा हादसा शुक्रवार सुबह काराबाग जिले में मुख्य सड़क पर हुआ। हादसे में एक बच्चा लापता है जिसकी तलाश की जा रही है।

इस हादसे की वजह भी चालक की लापरवाही को माना गया। सरहदी ने कहा कि हादसे की जांच चल रही है।

28 मार्च को भी, पूर्वी अफगानिस्तान के लघमन प्रांत में एक मिनी-बस ने दो मोटर चालकों को टक्कर मार दी थी, जिसमें एक यात्री की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए थे।

प्रांतीय पुलिस ऑफिस ने एक बयान जारी किया, जिसके मुताबिक, 28 मार्च को प्रांतीय राजधानी मेहतरलाम में मिनी-बस ने एक के बाद एक दो वाहनों को टक्कर मार दी। तीन पहियों वाले रिक्शा और एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी गई, जिससे एक की मौके पर ही मौत हो गई और पांच बच्चों और दो महिलाओं समेत 10 घायल हो गए।

हाल ही में तालिबान पुलिस की ओर से कुछ आंकड़े पेश किए गए, जिनके मुताबिक, पिछले साल (2025) अफगानिस्तान के उत्तर-पूर्वी बदख्शां प्रांत में सड़क हादसे में 136 लोग मारे गए। गौर करने वाली बात है कि आंकड़ा देश के सबसे दूर-दराज के इलाकों में से एक का है।

प्रांतीय पुलिस कमांड के प्रवक्ता इहसानुल्लाह कामगर ने कहा कि उस दौरान 122 हादसे रिकॉर्ड किए गए, जिसमें 175 लोग घायल हुए।

–आईएएनएस

केआर/


Show More
Back to top button