असम: ईडी ने पूर्व सरकारी अधिकारी की 2.15 करोड़ की संपत्ति कुर्क की

गुवाहाटी, 24 मार्च (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के गुवाहाटी जोनल कार्यालय ने आय से अधिक संपत्ति मामले में असम सरकार के पूर्व वरिष्ठ फूड सेफ्टी अधिकारी मुनिंद्र भूयान की करीब 2.15 करोड़ रुपये की संपत्ति अस्थायी रूप से कुर्क की है।
यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत की गई है।
ईडी के अनुसार, कुर्क की गई संपत्तियों में गुवाहाटी में स्थित तीन अचल संपत्तियां शामिल हैं, जिनकी कीमत करीब 1.53 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, लगभग 62 लाख रुपये की चल संपत्तियां भी जब्त की गई हैं, जिनमें बैंक खातों में 16.07 लाख रुपये की राशि और 10 जीवन बीमा पॉलिसियों की सरेंडर वैल्यू (करीब 45.33 लाख रुपये) शामिल है।
यह जांच जनवरी 2023 में मुख्यमंत्री विशेष सतर्कता प्रकोष्ठ (सीएमएसवीसी) द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की गई थी, जिसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामला आरोपों से जुड़ा है कि भूयान ने अपने कार्यकाल के दौरान ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित की। जांच में पाया गया कि अप्रैल 2001 से फरवरी 2022 के बीच उन्होंने कथित तौर पर करीब 3.80 करोड़ रुपये की संपत्ति जुटाई, जो उनकी ज्ञात आय से 223 प्रतिशत अधिक है।
अधिकारियों के अनुसार, कई संपत्तियां उनके नाम या परिवार के सदस्यों के नाम पर खरीदी गईं ताकि वास्तविक स्वामित्व छिपाया जा सके।
ईडी ने यह भी पाया कि संपत्तियों की कीमत आधिकारिक दस्तावेजों में काफी कम दिखाई गई, जबकि वास्तविक बाजार मूल्य घोषित राशि से 10 से 34 गुना तक अधिक हो सकता है, जो अवैध धन के संभावित इस्तेमाल की ओर इशारा करता है।
बैंक रिकॉर्ड की जांच में भी संदिग्ध नकद जमा और ऐसे वित्तीय लेनदेन सामने आए हैं, जो वैध आय के अनुरूप नहीं हैं।
मामले में आगे की जांच जारी है।
–आईएएनएस
डीएससी