पीएम मोदी ने किया चेन्नई में संगीतकार रमेश विनायकम से मुलाकात का जिक्र, गमक बॉक्स नोटेशन सिस्टम’ को सराहा


चेन्नई, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को चुनावी यात्रा के बीच चेन्नई में प्रसिद्ध संगीतकार रमेश विनायकम और उनके परिवार से मुलाकात कर भारतीय संगीत को वैश्विक मंच पर ले जाने के उनके प्रयासों की सराहना की। यह जानकारी पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट के जरिए दी।

पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “चुनाव प्रचार के दौरान मुझे चेन्नई में रमेश विनायकम और उनके परिवार से मिलने का अवसर मिला। रमेश विनायकम एक संगीतकार हैं और उन्होंने अपना पूरा जीवन भारतीय संगीत को लोकप्रिय बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। उन्होंने मुझे ‘गमक बॉक्स नोटेशन सिस्टम’ तैयार करने के अपने काम की एक झलक दिखाई। भारतीय संगीत को दुनिया तक पहुंचाने का यह एक बेहद ही अभिनव तरीका है।”

गमक बॉक्स नोटेशन सिस्टम एक विजुअल नोटेशन तकनीक है, जो भारतीय संगीत के सूक्ष्म अलंकारों को समझने और सिखाने में मदद करती है। किसी स्वर को सीधे न गाकर उसे हिलाकर, मोड़कर या सजाकर गाने को गमक कहते हैं।

रमेश विनायकम एक प्रसिद्ध भारतीय संगीतकार, गायक, गीतकार और संगीत शोधकर्ता हैं। वे मुख्य रूप से तमिल और तेलुगु फिल्म उद्योगों में अपने काम के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 12 साल की उम्र में अपना पहला गाना लिखा और संगीतबद्ध किया था। उनके पिता, श्री विनायकम उनके पहले गुरु थे।

चुनावी कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री का केरल दौरा भी तय है। उनके कार्यक्रम के अनुसार, वे दोपहर करीब 2:30 बजे तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से कोट्टायम जिले के चंगनास्सेरी एनएसएस कॉलेज मैदान के लिए रवाना होंगे, जहां वे करीब 3 बजे पहुंचेंगे।

यहां से प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से तिरुवल्ला के स्टेडियम में आयोजित एक जनसभा में शामिल होंगे। इस जनसभा में पार्टी के वरिष्ठ नेता और आसपास के क्षेत्रों से एनडीए उम्मीदवारों के शामिल होने की संभावना है।

जनसभा के बाद प्रधानमंत्री वापस तिरुवनंतपुरम लौटेंगे, जहां शाम को वे किल्लीपालम से करमाना जंक्शन तक करीब 1.5 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। इस रोड शो में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री जिला स्तर के एनडीए उम्मीदवारों से भी मुलाकात करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे शाम करीब 7 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

केरल में 9 अप्रैल को मतदान होना है, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी।

–आईएएनएस

वीकेयू/वीसी


Show More
Back to top button