हैदराबाद : तेलंगाना विधानसभा घेराव से पहले पुलिस ने भाजपा नेताओं को हिरासत में लिया


हैदराबाद, 23 मार्च (आईएएनएस)। तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव और अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को सोमवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वो कांग्रेस सरकार से चुनावी वादों को पूरा करने की मांग को लेकर विधानसभा की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस ने विधानसभा की ओर नियोजित मार्च को विफल करने के लिए भाजपा नेताओं को विभिन्न स्थानों से हिरासत में लिया।

राज्य भाजपा ने सरकार द्वारा चुनाव में किए गए छह वादों और अन्य प्रतिज्ञाओं को पूरा करने में विफलता के विरोध में विधानसभा का घेराव करने का आह्वान किया था।

भाजपा के झंडे लिए और सरकार विरोधी नारे लगाते हुए पार्टी के नेता और कार्यकर्ता विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया। रामचंद्र राव को पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन ले जाया गया।

गिरफ्तारियों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रामचंद्र राव ने कहा कि राज्य में यह ‘प्रजा पालन’ (जनतंत्र) नहीं, बल्कि 1975 का ‘इंदिरम्मा राजयम’ है।

राज्य भाजपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि कांग्रेस ने असहमति को कुचलने और विरोध को चुप कराने की कोशिश करके एक बार फिर अपनी अलोकतांत्रिक मानसिकता को उजागर कर दिया है। तेलंगाना की जनता के साथ कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए झूठे वादों के जरिए किए गए विश्वासघात, धोखे और ठगी के खिलाफ आवाज उठाने के लिए मुझे गिरफ्तार किया गया। जनता अब और बर्दाश्त नहीं कर सकती।

राव ने कहा कि विरोध की आवाज को जबरदस्ती से नहीं दबाया जा सकता। उन्होंने कहा कि यह बेहद निंदनीय है कि कांग्रेस सरकार – जनता से किए गए वादों को पूरी तरह से नजरअंदाज करने के बाद – अब अपनी नाकामियों पर सवाल उठाने वाली विपक्षी पार्टियों के खिलाफ गैरकानूनी गिरफ्तारियां कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ऐसी धमकियों से नहीं डरेगी।

उन्होंने आगे कहा कि गिरफ्तारियों और हिरासत से हमारा संघर्ष और भी मजबूत होगा। जनता की समस्याओं का समाधान करने और कांग्रेस को विश्वासघात के लिए जवाबदेह ठहराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा हमारा न्यायपूर्ण संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

इस बीच, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने रामचंद्र राव और भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है।

उन्होंने रामचंद्र राव और भाजपा कार्यकर्ताओं की तत्काल और बिना शर्त रिहाई की मांग की, और कहा कि ऐसा न होने पर भाजपा राज्य भर में अपना विरोध प्रदर्शन तेज करेगी। उन्होंने आगे कहा कि लोगों को नजरअंदाज किया जा रहा है, लेकिन जब तक छह गारंटी लागू नहीं हो जातीं, हम कांग्रेस से हर कदम पर सवाल करते रहेंगे।

–आईएएनएस

एमएस/


Show More
Back to top button