आईपीएल 2026: फैंस की जबरदस्त मांग, केकेआर ने लॉन्च की 'प्रैक्टिस जर्सी'

कोलकाता, 22 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है, जिससे पहले तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने अपनी प्रैक्टिस जर्सी लॉन्च कर दी है। ऐसा पहली बार है, जब फ्रेंचाइजी ने फैंस के खरीदने के लिए कोई ट्रेनिंग किट पेश की है।
यह कदम टीम की ट्रेनिंग जर्सी के शुरुआती अनावरण पर मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया के बाद उठाया गया है, जिसमें हजारों फैंस ने फ्रेंचाइजी से इसे खरीदने के लिए उपलब्ध कराने का आग्रह किया था।
आधुनिक लुक के साथ डिजाइन की गई इस जर्सी में बंगाल टाइगर से प्रेरित टाइगर-प्रिंट है, जो टीम की पहचान को दर्शाते हुए शक्ति और फुर्ती का प्रतीक है। यह जर्सी अब टीम के आधिकारिक स्टोर पर खरीदने के लिए उपलब्ध है।
नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के सीएमओ बिंदा डे ने कहा, “प्रैक्टिस जर्सी पर हमारे फैंस की प्रतिक्रिया अविश्वसनीय थी और इसने सचमुच उस गहरे जुड़ाव की पुष्टि की जो वे इस ब्रांड के साथ साझा करते हैं। हमने प्रैक्टिस जर्सी की स्पष्ट मांग देखी और महसूस किया कि इसे उपलब्ध कराना ही सही होगा। इसे एक नए, समर-रेडी कलर पैलेट में तैयार किया गया है और परफॉर्मेंस को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। यह जर्सी टीम के अनुशासन और तीव्रता को दर्शाती है, जो केकेआर की पहचान है, साथ ही फैंस को अपनी टीम के प्रति गर्व जाहिर करने का एक नया तरीका भी देती है।”
केकेआर 29 मार्च को पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है। केकेआर की कमान अजिंक्य रहाणे के पास है।
केकेआर अपना पहला घरेलू मैच 2 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 2016 की विजेता सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी, जिसके बाद क्रमशः 6 और 9 अप्रैल को पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की मेजबानी करेंगे।
केकेआर अपने प्री-सीजन कैंप के दौरान ट्रायल्स आयोजित कर रही है, ताकि चोटिल तेज गेंदबाज हर्षित राणा और आकाश दीप के विकल्प तय किए जा सकें। इन खाली स्थानों को भरने के लिए कई खिलाड़ी ट्रायल्स में हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें नवदीप सैनी, आकाश मधवाल, सिमरजीत सिंह, संदीप वॉरियर, केएम आसिफ और सुनील कुमार शामिल हैं। टीम मैनेजमेंट इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन कर रही है, ताकि आगामी सीजन के लिए मजबूत गेंदबाजी आक्रमण तैयार किया जा सके।
–आईएएनएस
आरएसजी