‘आप' और राघव चड्ढा के रिश्ते में आई कड़वाहट: राजा वड़िंग

नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटा दिया है। इसके बाद से राजनीति के गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या राघव आप के साथ बने रहेंगे या फिर आप से किनारा कर दूसरी राजनीतिक दल के साथ नई पारी का आगाज करेंगे।
राघव चड्ढा को उपनेता के पद से हटाए जाने पर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने यह फैसला लिया है और किसी को नियुक्त करना या हटाना उनका अपना अंदरूनी मामला है। हालांकि, यह साफ है कि सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। खास तौर पर राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी के बीच रिश्ते तनावपूर्ण लग रहे हैं। यह तो बस शुरुआत है। आने वाले दिनों में हम देख सकते हैं कि उनके रास्ते पूरी तरह से अलग हो जाएंगे। दोनों एक दूसरे पर आरोप भी लगाएंगे। दोनों एक दूसरे के भेद भी खोलेंगे।
पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर वड़िंग ने कहा कि मेरा मानना है कि पंजाब को अस्थिर करने की कोशिशें हो रही हैं। पंजाब में जिस तरह से चीजें हो रही हैं, वैसा पहले कभी नहीं देखा गया। इसके पीछे कोई गहरी साजिश लगती है और यह सिर्फ पंजाब तक ही सीमित नहीं है, अब तो चंडीगढ़ में भी बम धमाके हो रहे हैं। चंडीगढ़ सीधे तौर पर केंद्रीय गृह मंत्री के अधीन आता है। जिस तरह के घटनाक्रम हुआ है इसके लिए भाजपा जिम्मेदार है। इस प्रकार से पहले कभी नहीं हुआ था।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मैं इस बारे में और विस्तार से बात करूंगा।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि सदन में आज मेरा ‘जीरो आवर’ लिस्ट में था। आम तौर पर, जिनका नाम लिस्ट में होता है, उन्हें बोलने के लिए 2-3 मिनट दिए जाते हैं। चूंकि यह मेरा ‘जीरो आवर’ था, इसलिए मैं बोलने ही वाला था, लेकिन बीच में ही लोकसभा स्पीकर ओम बिरला बोलने लगे। जब मैंने सुखबीर बादल का नाम लिया, तो मेरा माइक्रोफोन बंद कर दिया गया। पंजाब का जो बड़ा मुद्दा है, उस पर चर्चा करना चाहता था।
–आईएएनएस
डीकेएम/डीएससी