श्रुति हासन ने शेयर की सुपर हेल्दी और स्वादिष्ट स्नैक रेसिपी


मुंबई, 20 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेत्री श्रुति हासन अपने काम के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। वे अक्सर अपनी जिंदगी के मजेदार पल, फोटो के अलावा खास रेसिपी शेयर करती रहती हैं। इसी बीच शुक्रवार को भी एक्ट्रेस ने कुछ ऐसा ही किया।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक मजेदार वीडियो शेयर किया। इसमें आसान और टेस्टी स्नैक की रेसिपी बताई। अभिनेत्री ने लिखा, “छुट्टी का दिन मतलब अपने स्क्रिप्ट को पढ़ते हुए थोड़ी-थोड़ी ब्रेक में सोशल मीडिया देखना। इसी दौरान एक दिलचस्प स्नैक रेसिपी दिखी, जिसे मैंने ट्राई किया और इसकी शौकीन हो गई हूं।”

अभिनेत्री ने बताया कि ये टेस्टी रेसिपी का नाम ‘खजूर के साथ वेनिला ग्रीक योगर्ट स्नैक’ है। इसको बनाने के लिए सबसे पहले खजूर को अच्छे से धो लें और अगर चाहें तो हल्का गर्म पानी में भिगोकर नरम कर लें। फिर इन्हें काट लें या छोटे टुकड़ों में तोड़ लें।

एक बाउल में वेनिला ग्रीक योगर्ट डालें। इसमें खजूर के टुकड़े मिला दें। ऊपर से थोड़ा-सा एक्स्ट्रा वर्जिन ऑलिव ऑयल छिड़कें। यह स्नैक को क्रीमी और हेल्दी टच देता है। आखिर में फ्लेकी नमक (या सामान्य नमक) छिड़क दें। यह मीठे और नमकीन का परफेक्ट बैलेंस बनाता है। इसे चम्मच से अच्छे से मिक्स करें और तुरंत एंजॉय करें। अगर चाहें तो फ्रिज में 10-15 मिनट ठंडा करके भी खा सकते हैं।

अभिनेत्री जल्द ही निर्देशक पवन सादिनेनी की फिल्म ‘आकासमलो ओका तारा’ में नजर आएंगी। फिल्म में अभिनेत्री के साथ दुलकर सलमान और सत्विका वीरवल्ली भी अहम भूमिकाओं में हैं।

फिल्म को गीता आर्ट्स और स्वप्ना सिनेमा ने प्रस्तुत किया है। इसके प्रोड्यूसर संदीप गुन्नम और रम्या गुन्नम हैं। यह एक एडवेंचर-ड्रामा फिल्म है। श्रुति के जन्मदिन पर फिल्म का पहला पोस्टर जारी किया गया था।

फिल्म के पैन-इंडिया में रिलीज होने की उम्मीदें जताई जा रही हैं। हालांकि, अभी तक इसकी कोई साफ तौर पर पुष्टि नहीं की गई है। इसी के साथ ही श्रुति ने एसएस राजामौली की मेगा बजट फिल्म ‘वाराणसी’ के लिए म्यूजिक कंपोजर एमएम कीरवानी के साथ मिलकर गाने को आवाज दी है।

–आईएएनएस

एनएस/एबीएम


Show More
Back to top button