रितेश देशमुख की ‘राजा शिवाजी’ का फर्स्ट लुक टीजर जारी, दमदार अंदाज में छाए अभिनेता


मुंबई, 31 मार्च (आईएएनएस)। मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘राजा शिवाजी’ का फर्स्ट लुक टीजर रिलीज कर दिया है। फिल्म का टीजर थिएटर में ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के साथ दिखाए जाने के बाद अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है, जिससे फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्साह और बढ़ गया है।

जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी पीरियड ड्रामा फिल्म ‘राजा शिवाजी’ का दमदार फर्स्ट लुक टीजर ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के साथ बड़े पर्दे पर पहले ही लॉन्च कर चुकी है।

‘राजा शिवाजी’ छत्रपति शिवाजी महाराज की महान विरासत और स्वराज की स्थापना पर आधारित भव्य और प्रेरणादायक फिल्म है, जिसका निर्देशन करने के साथ ही अभिनेता रितेश देशमुख मुख्य भूमिका भी निभाते नजर आएंगे। मेकर्स के अनुसार, यह फिल्म भारत के इतिहास को भव्यता, भावना और आधुनिक प्रस्तुति के साथ पेश करेगी।

टीजर में एक ऐसे वीर पुत्र के जीवन की खास अंदाज में झलक दिखाई गई है, जिसने अपने संकल्प और वीरता से इतिहास बदल दिया। फिल्म भारत के महान योद्धा और स्वराज के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित है। यह एक ऐसे शासक की प्रेरणादायक कहानी है, जिसने संकल्प लिया और बड़ी-बड़ी ताकतों के खिलाफ खड़े होकर स्वतंत्र हिंदवी स्वराज की नींव रखी। टीजर में जोश, भावना और भव्य एक्शन का शानदार मिश्रण है।

फिल्म में रितेश देशमुख के साथ संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी और अमोल गुप्ते जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के संगीत को अजय-अतुल ने तैयार किया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी संतोष सिवन ने संभाली है। जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत और मुंबई फिल्म कंपनी के बैनर तले ज्योति देशपांडे और जेनेलिया देशमुख ने इसे प्रोड्यूस किया है।

‘राजा शिवाजी’ 1 मई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में मराठी, हिंदी के साथ तेलुगु भाषा में रिलीज होगी।

–आईएएनएस

एमटी/एबीएम


Show More
Back to top button