राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 के लिए लॉन्च की नई जर्सी

जयपुर, 18 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी, जिससे पहले बुधवार को राजस्थान रॉयल्स ने आगामी सीजन के लिए अपनी नई जर्सी लॉन्च की। इस मौके पर नए कप्तान रियान पराग, युवा बैटिंग सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी और लेग-स्पिनर रवि बिश्नोई मौजूद थे, जिन्होंने इस जर्सी को पेश किया।
2008 के आईपीएल विजेता टीम ने इंस्टाग्राम पर अपनी जर्सी लॉन्च करने की घोषणा की। इस नई जर्सी में नीले और गुलाबी रंग का मिश्रण है। तस्वीरों के साथ राजस्थान रॉयल्स ने कैप्शन में लिखा, “नया लुक, वही हल्ला बोल। जर्सी: लॉन्च हो गई।”
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स 30 मार्च को गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में पांच बार के विजेता चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
राजस्थान रॉयल्स अपने शुरुआती तीन घरेलू मैच गुवाहाटी में खेलेगी, जो उनका वैकल्पिक घरेलू मैदान है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में उनके मुख्य घरेलू मैदान पर होने वाले मुकाबलों की तारीखें तब तय होंगी, जब बीसीसीआई टूर्नामेंट के शेष मुकाबलों का शेड्यूल जारी करेगा।
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ यह मैच बेहद रोमांचक होगा, क्योंकि रवींद्र जडेजा और सैम करन अपनी पुरानी टीम के विरुद्ध राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स सीजन के अपने पहले ‘अवे’ मैच के लिए अहमदाबाद पहुंचेगी, जहां 4 अप्रैल को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उनका मुकाबल गुजरात टाइटंस से होगा।
इसके बाद राजस्थान रॉयल्स की टीम गुवाहाटी लौटेगी, जहां 7 अप्रैल को पांच बार के विजेता मुंबई इंडियंस और 10 अप्रैल को मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की मेजबानी करेगी।
राजस्थान रॉयल्स के शुरुआती चार में से तीन मैच घरेलू मैदान पर हैं। ऐसे में राजस्थान रॉयल्स शुरुआती बढ़त हासिल करने की कोशिश करेगी। पिछले सीजन टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था, जिसमें यह टीम 14 में से सिर्फ 4 मैच जीतकर 9वें पायदान पर रही थी।
24 वर्षीय रियान पराग को राजस्थान रॉयल्स की कमान तब मिली, जब संजू सैमसन ट्रेड डील के तहत चेन्नई सुपर किंग्स में चले गए हैं। इसके बदले जडेजा और करन राजस्थान रॉयल्स में आए हैं। पराग ने 2025 सीजन में कुछ समय के लिए राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी की थी, उस समय सैमसन चोट की वजह से आठ मैच नहीं खेल पाए थे। हालांकि, रियान पराग की कप्तानी में टीम उनमें से सिर्फ दो ही जीत सकी थी।
–आईएएनएस
आरएसजी