आईडीएफ का दावा: गाजा में हमास नौसैनिक कमांडर यूनुस अलियान ढेर, बड़े हमले की साजिश नाकाम

नई दिल्ली, 18 मार्च (आईएएनएस)। इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने हमले में हमास की उत्तरी गाजा ब्रिगेड के नौसैनिक दस्ते के कमांडर यूनुस मोहम्मद हुसैन अलियान के खात्मे का दावा किया है।
आईडीएफ का दावा है कि अलियान गाजा में ब्रिगेड की क्षमताओं को फिर से मजबूत करने के लिए काम कर रहा था। वो जल्द ही किसी बड़े हमले की साजिश बना रहा था। आम नागरिकों को नुकसान पहुंचने की आशंका थी।
आईडीएफ ने कहा कि वो हमारे सैनिकों के लिए एक खतरा बन गया था, इसलिए निशाना बनाया गया। उन्होंने बताया कि उसने गाजा पट्टी में सक्रिय आईडीएफ सैनिकों और इजरायल राज्य के विरुद्ध आतंकवादी हमले करने की साजिश रची थी।
आईडीएफ ने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”हमास की उत्तरी गाजा ब्रिगेड का कमांडर नौसेना विंग के कमांडर यूनुस मोहम्मद हुसैन अलियान का खात्मा हो गया है। हाल के हफ्तों में अलियान गाजा में ब्रिगेड की क्षमताओं को फिर से मजबूत करने के लिए काम कर रहा था और जल्द ही हमले करने की साजिश रच रहा था। उसे इसलिए निशाना बनाया गया, क्योंकि वह आईडीएफ सैनिकों के लिए एक असली खतरा बन गया था।”
इसके अलावा आईडीएफ ने एयर स्ट्राइक में ईरान के एक और शीर्ष नेता की मौत का भी दावा किया है। आईडीएफ के अनुसार, मंगलवार की रात को हुए हमले में खुफिया मंत्री इस्माइल खतिब मारे गए। इजरायली रक्षा मंत्रालय के कार्यालय ने काट्ज का बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है। हालांकि, ईरान ने अब तक इसकी पुष्टि नहीं की है।
आईडीएफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”इस्माइल खतीब ने पूरे ईरान में हाल ही में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिसमें प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी और हत्याएं शामिल थीं। इसके अलावा उन्होंने दुनिया भर में इजरायलियों और अमेरिकियों के खिलाफ हमले की गतिविधियों का नेतृत्व किया। इसी तरह उन्होंने महसा अमीनी विरोध प्रदर्शनों (2022–2023) के दौरान भी ईरानी नागरिकों के खिलाफ काम किया था।
ईरानी खुफिया मंत्रालय के पास उन्नत खुफिया क्षमताएं मौजूद हैं, जिसके माध्यम से वह दुनिया भर में निगरानी, जासूसी और गुप्त अभियानों के निष्पादन की देखरेख करता है, विशेष रूप से इजरायली और ईरानी नागरिकों के खिलाफ।
–आईएएनएस
एवाई/डीकेपी