गंगा का सनातन धर्म में विशेष महत्व, इसे अपवित्र करना सही नहीं : दिनेश शर्मा


नई दिल्ली, 18 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा नदी पर नाव में इफ्तार पार्टी के दौरान कथित रूप से मांसाहारी भोजन फेंकने के आरोप में 14 युवकों की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। इस घटना ने धार्मिक भावनाओं और कानून व्यवस्था को लेकर बहस छेड़ दी है।

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि गंगा का सनातन धर्म में विशेष पवित्र महत्व है और इसे मां के रूप में पूजा जाता है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को इसकी गरिमा का सम्मान करना चाहिए और ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए जो धार्मिक आस्था के विरुद्ध हो। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि कानून अपने नियमों के अनुसार कार्रवाई करता है।

वहीं, भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने इस मामले को इफ़्तार पार्टी से जोड़ने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह किसी समुदाय विशेष की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास हो सकता है और नाव पर इफ़्तार होने का दावा नया है।

दूसरी ओर, कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमन सिंह आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि उन्हें पूरे मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि लोग इफ़्तार कर रहे थे तो इसमें कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए, लेकिन यदि किसी नियम का उल्लंघन हुआ है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

बता दें कि मंगलवार को वाराणसी में गंगा नदी के बीच एक नाव पर कुछ लोगों के इफ्तार पार्टी करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसमें लोग नदी में नॉनवेज फेंकते दिखाई दिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

वीडियो में आरोप लगाया गया है कि नाव पर लोगों ने मांसाहारी खाना खाया और बचा हुआ खाना गंगा में फेंक दिया। कहा जा रहा है कि इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं, क्योंकि गंगा नदी को बहुत पवित्र माना जाता है और यहां लाखों लोग पूजा और स्नान करते हैं।

यह वीडियो इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर काफी शेयर किया गया। इसमें सूर्यास्त के समय एक छोटी नाव पर कुछ लोग बिरयानी और अन्य खाने की चीजें खाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

भाजपा की युवा शाखा के एक नेता की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने इस मामले में शामिल लोगों और नाव चलाने वाले के खिलाफ केस दर्ज किया। उन पर धार्मिक भावनाएं आहत करने, गंदगी फैलाने और सार्वजनिक उपद्रव करने जैसी धाराएं लगाई गई हैं।

इस मामले में अब तक 14 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और वीडियो की सच्चाई भी जांची जा रही है। साथ ही, वीडियो में दिख रहे बाकी लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

–आईएएनएस

एसएके/पीएम


Show More
Back to top button