बंगाल चुनाव: भाजपा उम्मीदवारों ने पार्टी का जताया आभार, दिलीप घोष बोले- चुनाव जीतने के लिए प्रतिबद्ध


न्यूटाउन, 17 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को 144 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी। भाजपा ने इस लिस्ट कई बड़े चेहरों को चुनावी मैदान में उतारा है। पार्टी से टिकट मिलने के बाद कई उम्मीदवारों की प्रतिक्रिया सामने आई।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष को भाजपा ने खड़गपुर से मैदान में उतारा हैं। टिकट मिलने पर उन्होंने आईएएनएस से कहा कि पार्टी की ओर से नामांकित किए जाने पर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। एक पार्टी कार्यकर्ता के रूप में, मैं इस निर्णय का सम्मान करता हूं और चुनाव जीतने के लिए प्रतिबद्ध हूं।

डाबग्राम फुलबाड़ी से उम्मीदवार बनाए जाने पर शिखा चटर्जी ने आईएएनएस से कहा कि मुझे पार्टी के लिए काम करने के लिए चुना गया है और मैं अनुशासन का पालन करते हुए आने वाले दिनों में अपना काम जारी रखूंगी। शिखा यहां से मौजूदा विधायक भी है।

कुमारग्राम (अजजा) से प्रत्याशी बनाए जाने पर भाजपा विधायक मनोज कुमार ओरांव ने आईएएनएस से कहा कि नरेंद्र मोदी के साथ-साथ पूरे भाजपा परिवार को धन्यवाद देना चाहता हूं। उन्होंने मुझे न केवल एक बार, बल्कि लगातार दो बार उम्मीदवार के रूप में चुना है।

मुर्शिदाबाद से उम्मीदवार बनाए जाने पर गौरी शंकर ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि पार्टी की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारी के साथ चुनाव लड़ना मेरे लिए सम्मान की बात है। मुझे इससे पहले दो बार भाजपा का टिकट मिला था, और अब विधानसभा चुनाव के लिए तीसरी बार। मैं सभी कर्तव्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।

सूरी से उम्मीदवार बनाए जाने पर जगन्नाथ चटर्जी ने आईएएनएस कहा कि अपने चुनाव प्रचार के तरीके को लेकर कहा कि इस शहर की हर गली में लोग मुझे जानते हैं। मैं सिर्फ साइकिल चलाता हूं। अगर आपको लगता है कि यह चुनाव प्रचार सफल रहा, तो मैं आप सभी का आभारी हूं।

बता दें कि बंगाल में इस बार दो चरणों में चुनाव होंगे। 23 अप्रैल के पहले चरण के चुनाव में 152 सीटों पर मतदान होगा। 29 अप्रैल को दूसरे चरण के चुनाव में 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। 4 मई को चुनाव के नतीजे जारी होंगे।

–आईएएनएस

एसडी/एएस


Show More
Back to top button