सीएसके में अब युवाओं का समय आ गया, धोनी का रोल अब भी अहम: इरफान पठान


नई दिल्ली, 14 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा है कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के युवा खिलाड़ियों के पास एमएस धोनी से सीखकर आगे बढ़ने का मौका है।

इरफान पठान ने जियोहॉस्टार पर कहा, “धोनी एक बार फिर मैदान पर और मैदान के बाहर दोनों जगह योगदान देने के लिए तैयार दिख रहे हैं। टीम युवाओं की तरफ बढ़ रही है लेकिन ड्रेसिंग रूम में पूर्व कप्तान का असर अगली पीढ़ी के लीडर्स को गाइड करने में अहम साबित हो सकता है।”

पठान ने कहा, “जैसे ही आईपीएल आएगा, हम महेंद्र सिंह धोनी को फिर से देखना शुरू कर देंगे। वह इसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं, और बहुत फिट भी दिख रहे हैं। हमने उन्हें सालों तक जिम्मेदारी लेते देखा है, लेकिन मुझे लगता है कि अब समय आ गया है कि आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे और रुतुराज गायकवाड़ जैसे खिलाड़ियों को कमान सौंपी जाए। युवाओं के लिए एमएस धोनी के अनुभव से सीखना और उनके साथ खिलाड़ियों को आगे ले जाना जरूरी होगा।”

पूर्व ऑलराउंडर ने कहा, “कागज पर यह एक बहुत ही रोमांचक टीम है। छक्के मारने की काबिलियत और इरादे के मामले में, मैं सच में इस युवा सीएसके की निडरता देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं।”

सीएसके आईपीएल में मुंबई इंडियंस के साथ दूसरी सबसे सफल टीम है। सीएसके ने धोनी की, तो मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की कप्तानी में 5-5 खिताब जीते हैं।

पहले सीएसके को अनुभवी और उम्रदराज खिलाड़ियों की टीम माना जाता था, लेकिन पिछले साल से टीम में बड़ा बदलाव दिखा है। नीलामी में भी टीम की सोच अलग दिखी। टीम अब युवा खिलाड़ियों की तरफ देख रही है। आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस, और सरफराज खान का टीम में शामिल किया जाना इसका उदाहरण है। संजू सैमसन के आने से भी टीम की बल्लेबाजी काफी मजबूत हुई है।

एमएस धोनी संभवतः अपना आखिरी सीजन सीएसके के लिए खेलेंगे। इसलिए, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ ही युवा खिलाड़ियों के पास धोनी से फील्ड पर सीखने का बड़ा मौका है, जो भविष्य में उनके काम आएगा। सीएसके ने आखिरी खिताब 2023 में जीता था। टीम की कोशिश इस बार खिताब जीतकर अपने चैंपियन कप्तान को शानदार विदाई देने की रहेगी।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button