'एन्जॉय एंजामी' विवाद फिर गरमाया, म्यूजिक डायरेक्टर संतोष नारायणन और रैपर अरिवु के बीच सोशल मीडिया पर तीखी बहस

चेन्नई, 13 मार्च (आईएएनएस)। लोकप्रिय तमिल गाना ‘एन्जॉय एंजामी’ को लेकर एक बार फिर विवाद शुरू हो गया है। इस गाने के क्रेडिट और रॉयल्टी को लेकर संगीतकार संतोष नारायणन और रैपर अरिवु के बीच सोशल मीडिया पर तीखी बहस हो गई।
विवाद तब शुरू हुआ जब एक सोशल मीडिया यूजर ने गाने की तारीफ करते हुए लिखा कि लॉकडाउन के दौरान यह गाना पूरी दुनिया में बहुत लोकप्रिय हुआ था। इस पर एक अन्य यूजर ने आरोप लगाया कि सिंगर धी और उनके पिता ने यह गाना अरिवु से छीन लिया।
यह आरोप सामने आते ही म्यूजिक डायरेक्टर संतोष नारायणन ने उस यूजर को जवाब देते हुए कहा कि बिना पूरी जानकारी के ऐसे आरोप लगाना ठीक नहीं है। संतोष नारायणन ने अपने जवाब में बताया कि इस गाने का आइडिया सिंगर धी का था और इसमें उनकी धुनें भी शामिल थीं।
उन्होंने कहा कि गाने की कहानी और मूल विचार निर्देशक मणिकंदन ने तैयार किया था, जो उस समय उनके साथ फिल्म ‘कदइसी विवसयी ‘ पर काम कर रहे थे। गाने की धुन, प्रोडक्शन और मेलोडी सब उन्होंने तैयार की थी, जबकि अरिवु ने इसके बोल लिखे और इसे परफॉर्म किया।
संतोष नारायणन के इस जवाब के बाद रैपर अरिवु ने भी अपनी तरफ से सफाई दी और कहा कि उन्हें पहले एक बीट भेजी गई थी, जिसके बाद उन्होंने अपने अनुभवों और अपनी सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से प्रेरित होकर इस गाने के बोल लिखे, मुख्य धुन तैयार की और इसे गाया भी।
उन्होंने कहा कि संगीत एक सामूहिक प्रक्रिया होती है, लेकिन इसमें सभी कलाकारों को सही क्रेडिट और मेहनताना मिलना भी जरूरी है। गाना उनके गांव में शूट किया गया था और इसमें उनके इलाके की कहानियां और संस्कृति दिखाई गई थी।
उन्होंने कहा, ”मुझे इस गाने में सिर्फ फीचरिंग आर्टिस्ट के रूप में दिखाया गया, जबकि मैंने पूरा गीत लिखा और मुख्य धुन भी तैयार की थी। उस समय मुझे इस बात का पूरा मतलब समझ नहीं आया था, लेकिन पांच साल बाद मुझे महसूस हुआ कि बाकी सहयोगियों को गाने के राइट्स और रॉयल्टी मिल रही है, जबकि मुझे अपने काम के लिए न तो भुगतान मिला और न ही मालिकाना हक। यह मामला सहानुभूति का नहीं, बल्कि कलाकारों के अधिकार और सम्मान का है।”
अरिवु के इस बयान के बाद संतोष नारायणन ने फिर से कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अरिवु के दावों को गलत बताते हुए कहा कि उनके तकनीकी और कानूनी दावे गलत हैं। उन्होंने अरिवु को खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा, ”वह किसी भी मंच पर सभी सबूतों के साथ इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार रहे।”
इसके जवाब में अरिवु ने कहा, ”मैंने पहले भी इस मामले को निजी तौर पर सुलझाने की कोशिश की थी, लेकिन उससे कोई नतीजा नहीं निकला। यह सोशल मीडिया पर बहस करने का विषय नहीं है और इसके लिए उचित कानूनी रास्ते मौजूद हैं।”
इस पर संतोष नारायणन ने फिर कहा, ”यह मुद्दा सोशल मीडिया पर तब आया जब आपने इसे सार्वजनिक रूप से उठाया। आपने मेरे साथ इस मामले को सुलझाने की कोशिश कभी नहीं की। मैं इस विषय पर खुले तरीके से चर्चा करने के लिए तैयार हूं।”
‘एन्जॉय एंजामी’ तमिल म्यूजिक इंडस्ट्री का बेहद लोकप्रिय गाना रहा है, जिसे युवाओं ने खूब पसंद किया था। यह गाना यूट्यूब पर 52 करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है और लाखों लोगों ने इसे पसंद किया है।
इस गाने को लेकर विवाद पहली बार साल 2022 में सामने आया था, जब चेन्नई में आयोजित शतरंज ओलंपियाड के उद्घाटन समारोह में इस गाने को पेश किया गया था। उस समय मंच पर गाने के संगीतकार के रूप में संतोष नारायणन का नाम लिया गया था, लेकिन अरिवु का जिक्र नहीं हुआ। तभी से यह बहस समय-समय पर फिर से सामने आती रही है और अब सोशल मीडिया पर हुई नई बहस ने इस पुराने विवाद को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
–आईएएनएस
पीके/वीसी