हेल्थ टिप्स: चिलचिलाती धूप और गर्मी से मिलेगी राहत, फॉलो करें ये 'कूल' टिप्स

नई दिल्ली, 12 मार्च (आईएएनएस)। गर्मी का मौसम दस्तक दे चुका है। देश के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में हीटवेव और हीटस्ट्रोक से बचने के लिए कुछ सामान्य टिप्स को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह एक्सपर्ट देते हैं।
नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) ने खास तौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर गर्मी के मौसम को सुरक्षित और आरामदायक बनाया जा सकता है।
एनएचएम ने जरूरी सुझाव देते हुए बताया कि सावधानियां अपनाकर गर्मी के दुष्प्रभावों से बचा जा सकता है और खुद व परिवार को सुरक्षित रखा जा सकता है। मिशन के अनुसार, सबसे महत्वपूर्ण है पर्याप्त पानी पीना। दिनभर में खूब पानी, नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी या ओआरएस जैसे पेय पिएं। शरीर में पानी की कमी न होने दें, क्योंकि डिहाइड्रेशन हीटस्ट्रोक का सबसे बड़ा कारण बनता है।
दूसरी सबसे जरूरी चीज है गर्मी में कपड़ों का ध्यान रखें। हल्के रंग के सूती और हवादार कपड़े पहनें जो शरीर को ठंडक दें। गहरे रंग के या टाइट कपड़े गर्मी को ज्यादा सोखते हैं, इसलिए इनसे बचें। वहीं, दोपहर की तेज धूप से पूरी तरह बचें। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर निकलने से परहेज करें। अगर बाहर जाना जरूरी हो तो छाता, टोपी, धूप का चश्मा और गीला गमछा साथ रखें।
हीटस्ट्रोक के लक्षणों पर नजर रखना बहुत जरूरी है। अचानक तेज बुखार, तेज पसीना आना या पसीना बिल्कुल न आना, चक्कर आना, उल्टी, सिरदर्द, बेहोशी, तेज धड़कन, त्वचा का लाल और सूखा होना जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत छायादार जगह पर ले जाएं, पानी पिलाएं और डॉक्टर से संपर्क करें।
यही नहीं पालतू जानवरों को भी छायादार जगह पर रखें और उन्हें पर्याप्त पानी दें। बहुत ज्यादा गर्मी में भारी शारीरिक काम या व्यायाम से बचें। घर में पंखा, कूलर या एसी का इस्तेमाल करें और कमरे को ठंडा रखने की कोशिश करें। अगर कोई गंभीर लक्षण दिखे तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचें।
–आईएएनएस
एमटी/डीकेपी