सैमसन की जगह बुमराह को मिलना चाहिए था 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट': एबी डिविलियर्स
नई दिल्ली, 12 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2026 की चैंपियन रही है। फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टीम इंडिया चैंपियन बनी। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के बारे में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स राय अलग है।
एबी डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए जसप्रीत बुमराह और संजू सैमसन के बीच करीबी मुकाबला था। टूर्नामेंट के दौरान कुछ ऐसे मौके आए जिसमें बुमराह की गेंदबाजी देखने के बाद मुझे लगा कि उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया जा सकता था।”
डिविलियर्स ने बताया, “बुमराह ने सबसे ज्यादा विकेट लिए और इसलिए वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए दावेदार थे। उनके कुछ खास ओवर और पलों में उनके प्रदर्शन ने भारत के लिए सबसे अहम भूमिका निभाई।”
डिविलियर्स ने कहा, “भारत में तेज गेंदबाज के तौर पर गेंदबाजी करना आसान नहीं है, जब तक कि आप बुमराह न हों। वह जरूरी समय में एक अलग गियर में चला जाता है और मैच बदल देता है। वह एक संपत्ति हैं।”
विश्व कप में भारत के लिए 8 मैचों में बुमराह ने 14 विकेट लिए। वह संयुक्त रूप से वरुण चक्रवर्ती के साथ शीर्ष पर हैं। हालांकि वरुण ने बुमराह से एक मैच ज्यादा खेले थे। बुमराह की इकॉनमी भी वरुण के मुकाबले बेहद प्रभावी रही। टूर्नामेंट के निर्णायक मैचों में बुमराह ने इंग्लैंड और न्यूजीलैंड जैसी टीमों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने के दौरान जबरदस्त प्रदर्शन किया।
बात संजू सैमसन की करें तो इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने निश्चित तौर पर अपने बल्ले से प्रभावी प्रदर्शन करते हुए भारत को विश्व चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई। संजू ने महज 5 मैच खेले और करीब 200 के स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। वेस्टइंडीज के खिलाफ क्वार्टर फाइनल जैसे मुकाबले में नाबाद 97, सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 89 और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 89 रन की यादगार पारियां खेलने की वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया।
–आईएएनएस
पीएके