एलपीजी संकट के बीच भागे इंडक्शन चूल्हा बनाने वाली कंपनियों के शेयर


मुंबई, 11 मार्च (आईएएनएस)। मध्य पूर्व में तनाव के चलते एलपीजी की कमी की रिपोर्ट्स के बाद देश में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर इलेक्ट्रिक इंडक्शन चूल्हे की मांग में तेजी देखी जा रही है और इससे बुधवार को होम अप्लायंसेज बनाने वाली कंपनियों के शेयर में तेजी देखी गई।

बटरफ्लाई गांधीमथी अप्लायंसेज के शेयर इंट्राडे में दोपहर 12:45 पर 7.93 प्रतिशत की तेजी के साथ 651 रुपए पर था। दिन के दौरान शेयर ने 660 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ है।

टीटीके प्रेस्टीज का शेयर 9.40 प्रतिशत की तेजी के साथ 530 रुपए पर था। अब तक के कारोबार में इसने 556 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ है।

पिजन नाम में प्रोडक्ट्स बेचने वाली कंपनी स्टोव क्राफ्ट का शेयर 5.05 प्रतिशत की तेजी के साथ 510 रुपए पर था। अब तक के कारोबार में शेयर ने 525 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ है।

दूसरी तरफ, इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का कहना है कि एलपीजी संकट के देखते हुए शहरी परिवारों को इलेक्ट्रिक इंडक्शन स्टोव से खाना पकाने के लिए प्रोत्साहित और प्रेरित किया जाना चाहिए।

सीईईडब्ल्यू के फेलो अभिषेक कार ने कहा कि भारत अपनी एलपीजी का लगभग दो-तिहाई हिस्सा आयात करता है, जिसमें से 90 प्रतिशत से अधिक पश्चिम एशियाई देशों जैसे यूएई, कतर और सऊदी अरब से आता है।

कर ने सुझाव दिया,”घरेलू खाना पकाने के लिए एलपीजी आपूर्ति को प्राथमिकता देने हेतु आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू करना पहला, लेकिन एक महत्वपूर्ण कदम है। सरकार को अब एलपीजी सब्सिडी के लिए चलाए गए ‘गिव इट अप’ अभियान की तर्ज पर एलपीजी उपयोग पर एक नया ‘गिव इट अप’ अभियान शुरू करना चाहिए, जो उन परिवारों को टारगेट करे जिनके पास इलेक्ट्रिक इंडक्शन स्टोव हैं या जो इसे वहन कर सकते हैं। इससे घरेलू एलपीजी की मांग पर दबाव कम होगा।”

उन्होंने कहा कि शहरी परिवारों को इलेक्ट्रिक इंडक्शन स्टोव से खाना पकाने के लिए प्रोत्साहित और प्रेरित किया जाना चाहिए।

इसके अतिरिक्त, नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) ने मंगलवार को अपने सदस्यों से एलपीजी की खपत कम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वे ऐसे मेनू पर ध्यान केंद्रित करें जिनमें कम गैस की खपत हो या खाना पकाने में कम समय लगे। साथ ही, जहां संभव हो, खाना पकाने के लिए इलेक्ट्रिक उपकरणों के विकल्प पर भी विचार करें।

एनआरएआई ने देश भर के रेस्तरां मालिकों को जारी एक सलाह में कहा, “मौजूदा भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण व्यावसायिक एलपीजी की आपूर्ति श्रृंखला में गंभीर व्यवधान उत्पन्न हो गया है। यदि स्थिति और बिगड़ती है और उपलब्धता में काफी कमी आती है, तो रेस्तरां उद्योग को परिचालन संबंधी गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।”

एनआरएआई ने आगे कहा, “व्यापार की निरंतरता, रोजगार और हमारे क्षेत्र की स्थिरता की रक्षा के लिए, सभी सदस्यों से आग्रह किया है कि वे ईंधन संरक्षण और परिचालन निरंतरता के इन उपायों को तुरंत अपनाएं।”

–आईएएनएस

एबीएस/


Show More
Back to top button