हॉकी वर्ल्ड कप क्वालिफायर: वेल्स से होगी भारत की भिड़ंत, दांव पर सेमीफाइनल का टिकट


हैदराबाद, 10 मार्च (आईएएनएस) दो रोमांचक मुकाबलों के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 क्वालिफायर के अपने आखिरी मुकाबले में बुधवार को वेल्स से भिड़ेगी। इस मुकाबले में सेमीफाइनल का टिकट दांव पर होगा। टीम इंडिया 4 प्वाइंट्स और अपने ग्रुप में अब तक सबसे ज्यादा गोल करने के कारण प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर है।

हर पूल से टॉप दो टीमें आगे बढ़ेंगी। भारत वेल्स के खिलाफ जीत या ड्रॉ होने पर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगा। हालांकि, अगर भारतीय टीम इस मुकाबले में हार जाती है, तो उसके चार प्वाइंट्स रहेंगे और उनका क्वालिफिकेशन स्कॉटलैंड बनाम उरुग्वे मैच के नतीजे पर निर्भर करेगा। इस स्थिति में उनकी जगह गोल के अंतर पर निर्भर करेगी।

भारतीय महिला हॉकी टीम का अब तक का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने 8 मार्च को उरुग्वे पर 4-0 की शानदार जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की थी। वहीं, स्कॉटलैंड के खिलाफ रोमांचक मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा था। युवा फॉरवर्ड सुनीलिता टोप्पो ने दोनों मुकाबलों में गोल करके शानदार प्रदर्शन किया है। अटैकर्स लालरेमसियामी, नवनीत कौर और रुतुजा दादासो पिसल ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है करते हुए ना सिर्फ गोल किए हैं, बल्कि कई गोल करने के मौके भी बनाए हैं।

बैक में डिफेंस मजबूत बना हुआ है, गोलकीपर बिचू देवी ने हर बार अहम बचाव किए हैं। हैदराबाद में जोश से भरे घरेलू दर्शकों के सामने खेलने से मेजबान टीम को भी काफी ऊर्जा मिली है। टीम के अब तक के प्रदर्शन पर बात करते हुए कप्तान सलीमा टेटे ने कहा, “शुरुआती दो मैचों के बाद टीम की सोच काफी सकारात्मक है। युवा खिलाड़ी अपने मौके का फायदा उठा रहे हैं और बहुत अच्छा कर रहे हैं। टीम खुलकर खेलने का आनंद ले रही है और यह हमारे लिए बहुत अच्छी बात है।”

उन्होंने आगे कहा, “हम वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करना चाहते हैं और चैंपियन बनना चाहते हैं। जब टीम एक साथ होती है तो हम इसी बारे में बात करते हैं और यही हमारा लक्ष्य है।” भारत का वेल्स के खिलाफ रिकॉर्ड दमदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 6 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 5 में जीत भारतीय टीम ने दर्ज की है। वहीं, सिर्फ एक मुकाबले में वेल्स को जीत नसीब हो सकी है।

–आईएएनएस

एसएम/डीकेपी


Show More
Back to top button