'व्हाइट बॉल क्रिकेट की बेस्ट टीम है,' भारत के चैंपियन बनने पर बोले इरफान पठान
अहमदाबाद, 9 मार्च (आईएएनएस)। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताब को अपने नाम किया। भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने ऐतिहासिक जीत के बाद मौजूदा भारतीय टीम की जमकर तारीफ की है। पठान ने इस टीम को सफेद गेंद की क्रिकेट में सबसे बेस्ट टीम बताया है। इरफान ने हेड कोच गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव की अगुवाई की भी सराहना की है।
भारतीय टीम ने रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के खिताब को जीता। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया घरेलू सरजमीं पर टी20 विश्व कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बनी। जीत के बाद अहमदाबाद में पत्रकारों से बात करते हुए पठान ने कहा कि मौजूदा भारतीय टीम ने खुद को सबसे मजबूत व्हाइट-बॉल टीम के रूप में स्थापित किया है।
इरफान ने कहा, “इसमें कोई शक नहीं कि यह सबसे अच्छी व्हाइट-बॉल टीम है।” उन्होंने सूर्यकुमार के नेतृत्व और गंभीर की भूमिका को एक मजबूत और एकजुट टीम बनाने का श्रेय दिया, जिसने वैश्विक स्तर पर लगातार नतीजे दिए हैं। उन्होंने कहा, “जिस तरह से सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी की और जिस तरह से गौतम गंभीर ने टीम को एकजुट रखा, वह शानदार था।”
पठान ने कहा कि वह गौतम गंभीर की इस बात से काफी प्रभावित हुए कि उन्होंने जीत का श्रेय अजीत अगरकर, वीवीएस लक्ष्मण और राहुल द्रविड़ को दिया। इरफान ने कहा कि इससे पता चलता है कि गंभीर का दिल बहुत साफ है। उन्होंने कहा, “जब आपका दिल साफ होता है और आपके इरादे सही होते हैं, तो आपको नतीजे मिलते हैं। भारतीय क्रिकेट को नतीजा मिला है। आप सभी ने भी इसके लिए प्रार्थना की थी, इसमें कोई शक नहीं है।”
भारतीय टीम टी20 विश्व कप के खिताब का बचाव करने वाली दुनिया की पहली टीम बनी। इसके साथ ही टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को रिकॉर्ड तीसरी बार अपने नाम किया। भारत ने इससे पहले साल 2007 और 2024 में टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 255 रन बनाए। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ढेर हो गई।
–आईएएनएस
एसएम/डीकेपी