‘वे पढ़े-लिखे युवा हैं,' निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री पर बोले मंत्री दिलीप जायसवाल


पटना, 9 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने जदयू की सदस्यता ग्रहण कर ली है। बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि निशांत का बहुत स्वागत है। जदयू के नेता और समर्थक चाह रहे थे कि निशांत की एंट्री राजनीति में हो। अब वे आए हैं, यह अच्छी बात है, वे पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं। हम उनका स्वागत करते हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि वे कब क्या कहते हैं, उन्हें खुद पता नहीं है। आज भारत दुनिया की चौथी बड़ी आर्थिक शक्ति है। एक ओर दुनिया के 16 देश युद्ध की आग में झुलस रहे हैं, वहीं भारत के लोग आराम से पीएम मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के सपने को पूरा करने में प्रयासरत हैं।

गन्ना उद्योग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि गन्ना उद्योग विभाग की ओर से बहुत ही ऐतिहासिक कदम उठाया गया है कि पूरे देश के बड़े वैज्ञानिक, कृषि से संबंधित एक्सपर्ट, कृषि यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर, किसान और चीनी मिल के मालिकों का दो दिन का सेमिनार रखा गया है। मैं गन्ना उद्योग विभाग को बहुत बधाई देता हूं। आपने अच्छा कदम उठाया है। इस महत्वपूर्ण सेमिनार में गन्ना उद्योग के सुदृढ़ विकास, आधुनिक प्रौद्योगिकी के उपयोग तथा किसानों और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से राज्य की कृषि-आधारित अर्थव्यवस्था को और सशक्त बनाने पर सार्थक चर्चा हुई।

टी-20 विश्व कप के फाइनल में टीम इंडिया की जीत पर उन्होंने कहा कि टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांचक फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार विश्व विजेता बनने पर भारतीय क्रिकेट टीम के सभी जांबाज खिलाड़ियों को शुभकामनाएं। यह जीत भारतीय खेल इतिहास के स्वर्णिम युग की गवाही दे रही है। यह जीत केवल एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि हमारे खिलाड़ियों के अटूट जज्बे, जुनून और निरंतर परिश्रम का परिणाम है। मैदान पर टीम इंडिया के हर सदस्य ने जिस तरह का अनुशासन और खेल भावना प्रदर्शित की, उसने 140 करोड़ भारतीयों का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। पूरी टीम इंडिया और सहयोगी तंत्र के इसी ‘टीम वर्क’ और ‘देश के प्रति समर्पण’ को नमन। भारतीय क्रिकेट की यह विजय यात्रा यूं ही अनवरत जारी रहे।

–आईएएनएस

डीकेएम/एमएस


Show More
Back to top button