भारतीय दूतावास ने सऊदी में अपने नागरिकों को हरसंभव मदद का दिया भरोसा

नई दिल्ली, 8 मार्च (आईएएनएस)। सऊदी अरब में भारतीय दूतावास के एंबेसडर डॉ. सुहेल एजाज खान ने आज देश के अलग-अलग इलाकों और प्रांतों से आए भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल बातचीत की। इस दौरान उन्होंने समुदाय को भरोसा दिलाया कि एंबेसी भारतीय नागरिकों को हरसंभव मदद देने के लिए तत्पर है।
सऊदी अरब भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, ”एंबेसडर डॉ. सुहेल एजाज खान ने आज डीसीएम अबू माथेन जॉर्ज और काउंसलर (सीडब्ल्यू) वाई साबिर के साथ अलग-अलग इलाकों और प्रांतों से आए भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल बातचीत की।”
इस बातचीत के दौरान एंबेसडर ने समुदाय को भरोसा दिलाया कि एंबेसी भारतीय नागरिकों को हर जरूरी मदद देने के लिए तैयार है। उन्होंने हिस्सा लेने वालों को एंबेसी की हाल की पहलों के बारे में भी बताया, जिसमें तुरंत मदद देने के लिए 24×7 कंट्रोल रूम बनाना भी शामिल है। समुदाय के प्रतिनिधियों ने एंबेसी की सक्रिय पहुंच और जुड़ाव के लिए तारीफ की।
एक दिन पहले ही सऊदी अरब में एक भारतीय नागरिक को इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद के एजेंट के रूप में गिरफ्तार करने की भी खबरें सामने आई थीं, जिसको स्पष्ट करते हुए भारत सरकार ने दावे को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावे पर शनिवार को विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर सफाई जारी करते हुए लोगों से ऐसी अफवाहों से सावधान रहने की अपील की थी।
दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही थी। इसमें दावा किया गया था कि सऊदी अरब की सुरक्षा एजेंसियों ने मोसाद से जुड़े दो एजेंटों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि ये दोनों एजेंट ईरान को फंसाने के लिए बम धमाकों की साजिश रच रहे थे।
हालांकि विदेश मंत्रालय ने इस दावे को पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत बताया है। मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे ऐसे बेतुके और बिना किसी आधार वाले दावों से सावधान रहें।”
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, यह दावा पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच फैल रही गलत सूचनाओं की एक बड़ी लहर का हिस्सा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सऊदी अरब में किसी भारतीय नागरिक की इस तरह की गिरफ्तारी की कोई विश्वसनीय जानकारी या आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
दूसरी ओर सऊदी अरब ने भी ईरान को “भ्रामक गणनाओं” से बचने की चेतावनी जारी की थी। शनिवार को सऊदी अरब के रक्षा मंत्री खालिद बिन सलमान अल सउद ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा था कि वह “भ्रामक गणनाओं” से बचे, क्योंकि पश्चिम एशिया में फैलते संघर्ष के बीच क्षेत्रीय तनाव लगातार बढ़ रहा है।
बैठक के बाद सऊदी मंत्री ने उम्मीद जताई कि ईरान “बुद्धिमानी और विवेक” से काम करेगा और ऐसे कदमों से बचेगा जो पहले से ही अस्थिर स्थिति को और भड़का सकते हैं।
इस बीच सऊदी अरब ने बताया कि उसकी एयर डिफेंस प्रणाली ने एक और हमले को सफलतापूर्वक रोक दिया। रियाद के दक्षिण-पूर्व में स्थित एक सैन्य ठिकाने को निशाना बनाकर दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल को लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिया गया।
–आईएएनएस
एवाई/वीसी