सेमीफाइनल में ईशान-संजू की जोड़ी का कमाल, तोड़ा युवराज-उथप्पा का 19 साल पुराना रिकॉर्ड


मुंबई, 5 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में गुरुवार को टीम इंडिया की भिड़ंत इंग्लैंड के साथ हो रही है। वानखेड़े के मैदान पर संजू सैमसन और ईशान किशन की जोड़ी ने 19 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। संजू-ईशान ने टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में भारत की तरफ से सबसे बड़ी साझेदारी निभाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

संजू सैमसन और ईशान किशन ने वानखेड़े के मैदान पर तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 45 गेंदों में 97 रनों की अहम साझेदारी निभाई। यह टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में किसी भी विकेट के लिए भारत की ओर सबसे बड़ी साझेदारी भी है। संजू-ईशान ने युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया। युवराज और उथप्पा ने टी20 वर्ल्ड कप 2007 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मैच में 6.3 ओवर में 84 रन जोड़े थे।

ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 18 गेंदों में 39 रनों की दमदार पारी खेली। विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 216 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए अपनी इस पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए। ईशान को आदिल रशीद ने पवेलियन भेजा। हालांकि, अभिषेक शर्मा इस मुकाबले में भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। अभिषेक 7 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए। टी20 विश्व कप 2026 में अभिषेक तीसरी बार ऑफ स्पिनर के खिलाफ आउट हुए।

भारतीय टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, इंग्लैंड ने रेहान अहमद की जगह पर जेमी ओवरटन को अंतिम एकादश में शामिल किया है। टी20 विश्व कप में यह लगातार तीसरा मौका है जब भारत और इंग्लैंड की भिड़ंत सेमीफाइनल मुकाबले में हो रही है। इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 68 रनों से हराया था। वहीं, टी20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने टीम इंडिया को 10 विकेट से हराया था।

–आईएएनएस

एसएम/डीकेपी


Show More
Back to top button