ओमान से ढाका पहुंचे शख्स ने बताए वहां के हालात, अधिकांश उड़ानें रद्द

ढाका, 2 मार्च (आईएएनएस)। ओमान से बांग्लादेश की राजधानी ढाका पहुंचे शख्स ने खाड़ी क्षेत्र की मौजूदा स्थिति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। शफीकुल इस्लाम नाम के शख्स ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण ओमान से खाड़ी देशों के लिए संचालित होने वाली अधिकांश उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
शफीकुल इस्लाम ने कहा कि हालात को लेकर उनका परिवार काफी चिंतित और डरा हुआ था। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि ओमान के भीतर स्थिति फिलहाल स्थिर और सामान्य बनी हुई है। जिन खाड़ी देशों में अमेरिका के सैन्य अड्डे मौजूद हैं और हमले उन्हीं क्षेत्रों को निशाना बनाकर किए जा रहे हैं।
शफीकुल इस्लाम के छोटे भाई मोहम्मद जसीम उद्दीन ने कहा कि उनका भाई अभी-अभी ओमान से लौटा है। वह बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि मेरे बड़े भाई आ गए हैं। वह सुरक्षित आ गए हैं। हमें खुशी है क्योंकि हम हवाई हमलों के बारे में सुन रहे थे।
बीते दिन अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद ईरान ने जवाब में कई खाड़ी देशों को निशाना बनाया। ईरान ने खाड़ी के कई देशों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। ईरान ने यूएई, बहरीन, कतर, कुवैत और सऊदी अरब को निशाना बनाया। जिसके बाद खाड़ी देशों में रह रहे अन्य देशों के नागरिकों की चिंताएं बढ़ गईं। ईरान द्वारा निशाना बनाए जाने के बाद इन देशों में हवाई अड्डे बंद कर दिए हैं।
ढाका से सऊदी अरब जाने वाले शकील खान का कहना है कि वे आज रात कतर होते हुए सऊदी अरब जाना चाहते थे, लेकिन उनकी उड़ान रद्द हो गई। उन्हें अगली उड़ान के बारे में कोई जानकारी नहीं है। एयरलाइंस का सूचना केंद्र भी बंद है।
ढाका से ओमान होते हुए सऊदी अरब जा रहे सोहेल राणा पहली बार हवाई यात्रा कर रहे हैं। इसीलिए उन्हें उड़ान के समय को लेकर काफी चिंता है।
बता दें कि अमेरिका-इजरायल द्वारा किए गए हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई। उनकी मौत के बाद ईरानी सरकार ने 40 दिन के शोक का ऐलान किया। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया था कि खामेनेई के चार रिश्तेदार, जिनमें उनकी बेटी, पोता और दामाद शामिल हैं, वे भी अमेरिकी-इजरायली हमलों में मारे गए।
सोमवार, दो मार्च को अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से टेलीफोन पर बाच हुई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर पीएम मोदी ने इसकी जानकारी दी है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा करने के लिए टेलीफोन पर बात हुई। हाल के घटनाक्रमों पर भारत की चिंताओं से अवगत कराया और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। भारत ने संघर्ष को जल्द समाप्त करने की आवश्यकता को दोहराया।
–आईएएनएस
एसडी/एएस