लोकतांत्रिक दुनिया में एक संप्रभु देश के लीडरशिप की टारगेटेड किलिंग निंदनीय : प्रियंका गांधी वाड्रा

नई दिल्ली, 1 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर गहरी चिंता जताई है। उनका कहना है कि किसी भी संप्रभु देश के शीर्ष नेतृत्व की टारगेटेड किलिंग बेहद निंदनीय है।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस पूरे घटनाक्रम को दुनिया के लिए खतरनाक संकेत बताया है। उनका कहना है कि इस तरह की कार्रवाइयों से हालात ज्यादा बिगड़ सकते हैं और कई अन्य देश भी इस संघर्ष में खिंचते चले जा सकते हैं। दुनिया को इस वक्त शांति की जरूरत है, न कि नई और बेवजह की लड़ाइयों की।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “डेमोक्रेटिक दुनिया के तथाकथित नेताओं द्वारा एक सॉवरेन देश के लीडरशिप की टारगेटेड हत्या और बहुत सारे बेगुनाह लोगों की हत्या घिनौनी है और इसकी कड़ी निंदा होनी चाहिए, चाहे इसका कारण कुछ भी बताया गया हो।”
उन्होंने आगे कहा, “यह दुख की बात है कि अब कई देश लड़ाई में घसीटे जा रहे हैं। दुनिया को शांति चाहिए, और फालतू की लड़ाइयों की नहीं। जो लोग इसकी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, उन्हें महात्मा गांधी की बातें याद रखनी चाहिए। आंख के बदले आंख पूरी दुनिया को अंधा बना देती है।”
प्रियंका गांधी ने तंज कसते हुए कहा, “मुझे उम्मीद है कि इजरायल के प्रधानमंत्री और प्रेसिडेंट ट्रंप के सामने झुकने के बाद, हमारे प्रधानमंत्री प्रभावित देशों में सभी भारतीय नागरिकों को सुरक्षित घर वापस लाने की पूरी कोशिश करेंगे।”
उनका कहना है कि जब दुनिया के बड़े नेता जैसे डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री जैसे फैसले लेते हैं, तो उसका असर पूरी दुनिया पर पड़ता है। ऐसे में भारत के प्रधानमंत्री को चाहिए कि वे प्रभावित देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए हर संभव कदम उठाएं।
–आईएएनएस
पीआईएम/एबीएम