होली खेलने पहली बार बिहार पहुंचे एल्विश यादव, खेसारी लाल यादव संग करेंगे परफॉर्म


पटना, 1 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में डिजिटल और रियलिटी शो की दुनिया का एक चमकता सितारा पहुंचा। सोशल मीडिया और टीवी इंडस्ट्री में चर्चा में अक्सर बने रहने वाले यूट्यूबर एल्विश यादव जब पटना पहुंचे तो फैंस के बीच उत्साह का माहौल पैदा हो गया। लोग उनकी झलक पाने के लिए इकट्ठा हो गए। एल्विश यहां एक होली सेलिब्रेशन इवेंट में शामिल होने के लिए आए हैं।

आईएएनएस से बात करते हुए एल्विश यादव ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “मैं पहली बार पटना आ रहा हूं, मुझे बुलाने के लिए धन्यवाद। बिहार से सभी प्यार करते हैं। अब बहुत मजा आएगा।”

इस होली सेलिब्रेशन इवेंट में भोजपुरी इंडस्ट्री के स्टार खेसारी लाल यादव भी शामिल होंगे। इस इवेंट की खासियत ये है कि इसमें भोजपुरी, हरियाणवी और बॉलीवुड स्टाइल का फ्यूजन, लाइव परफॉर्मेंस, म्यूजिक और एनर्जी से भरपूर पार्टी होगी। एल्विश और खेसारी दोनों एक साथ होली सेलिब्रेशन में परफॉर्म करेंगे।

एल्विश यादव के करियर की बात करें तो उन्होंने 2016 में यूट्यूब चैनल ‘द सोशल फैक्ट्री’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। यूट्यूब पर उनकी कॉमेडी, व्लॉग्स और मनोरंजक वीडियो तेजी से वायरल हुए और इस तरह उनकी लोकप्रियता बढ़ती गई। 2023 में उन्होंने ‘बिग बॉस ओटीटी’ सीजन 2 में वाइल्ड कार्ड एंट्री ली और जीत हासिल कर इतिहास रच दिया।

इसके बाद उन्होंने रियलिटी गेमिंग शो ‘प्लेग्राउंड’ सीजन 4 में मेंटर के रूप में हिस्सा लिया, ‘एंटरटेनर्स क्रिकेट लीग टी10’ में हरियाणवी हंटर्स टीम की कप्तानी की और अपनी टीम को ट्रॉफी जीतने में मदद की।

2025 में उन्होंने ‘एमटीवी रोडीज एक्स एक्स’ और ‘लाफ्टर शेफ्स’ जैसे शो किए। इसके अलावा, वह म्यूजिक वीडियो भी कर रहे हैं। हाल ही में उनका नया हरियाणवी गाना ‘जस्टिन बीबर’ रिलीज हुआ, जिसने यूट्यूब की ट्रेडिंग लिस्ट में अपनी जगह बनाई। इस गाने में एल्विश यादव ने रैप के कुछ हिस्से खुद गाए। इस गाने को लोग काफी पसंद कर रहे हैं।

–आईएएनएस

पीके/एबीएम


Show More
Back to top button