टी20 वर्ल्ड कप: दासुन शनाका ने अपनी यादगार पारी में बनाए तीन बड़े रिकॉर्ड


1 मार्च, नई दिल्ली (आईएएनएस)। टी20 विश्व कप 2026 में शनिवार को श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मैच को श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से यादगार बना दिया। शनाका श्रीलंका को बेशक जीत नहीं दिला पाए, लेकिन दुनियाभर के क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया। शनाका ने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।

शनाका ने 31 गेंदों पर 8 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 76 रन की विस्फोटक पारी खेली। शनाका 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए थे। टी20 विश्व कप में किसी भी सातवें नंबर या उससे नीचे बल्लेबाजी करने आने वाले बल्लेबाज द्वारा बनाया गया यह सर्वोच्च स्कोर है। पूर्व में यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के माइक हसी के नाम था। हसी ने 2010 में पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 60 रन की पारी खेली थी।

शनाका ने इस पारी में 8 छक्के लगाए। एक टी20 मैच में किसी भी श्रीलंकाई बल्लेबाज द्वारा लगाया गया यह सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड है। पूर्व में यह रिकॉर्ड कुसाल परेरा के नाम था। कुसाल ने 2017 में भारत के खिलाफ इंदौर में हुए मैच में 7 छक्के लगाए थे।

शनाका ने इस विश्व कप में कुल 21 छक्के लगाए। वह एक विश्व कप में बतौर कप्तान सर्वाधिक छक्के लगाने वाले वे खिलाड़ी बन गए हैं। पूर्व में यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था। रोहित ने 19 छक्के लगाए थे।

श्रीलंका-पाकिस्तान मैच पर नजर डालें तो यह मैच बेहद रोमांचक रहा। टॉस जीतने के बाद श्रीलंका ने गेंदबाजी का फैसला किया था। साहिबजादा फरहान के 100 और फखर जमान के 84 रन की मदद से पाकिस्तान ने 8 विकेट पर 212 रन बनाए थे। श्रीलंका ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 207 रन बनाए। आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 28 रन चाहिए थे। शाहीन अफरीदी के इस ओवर में शनाका ने 1 चौका और लगातार 3 छक्के लगाए। आखिरी 2 गेंदों पर 6 रन की जरूरत थी। इन दोनों गेंदों पर रन नहीं बने और पाकिस्तान महज 5 रन से जीत सकी। पवन रत्नायके ने 37 गेंद पर 58 और शनाका ने 31 गेंदों पर नाबाद 76 रन बनाए।

सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए पाकिस्तान के लिए इस मैच में जीत जरूरी थी। पाकिस्तान जीता भी, लेकिन वैसी जीत नहीं मिली, जो सेमीफाइनल में पहुंचा सके। पाकिस्तान को जीत या तो 13.1 ओवर में हासिल करनी थी या फिर 65 रन या उससे बड़े अंतर से, लेकिन पाकिस्तान 5 रन से जीत हासिल कर सकी और जीत के बावजूद टूर्नामेंट से बाहर हो गई। ग्रुप 2 से इंग्लैंड के बाद न्यूजीलैंड बेहतर रन रेट के आधार पर सेमीफाइनल में पहुंच गई।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button