ईरान पर हमले के बीच नेपाल ने खाड़ी देशों की उड़ानें रद्द कीं


काठमांडू, 28 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बाद नेपाल और खाड़ी देशों के विभिन्न शहरों के बीच संचालित एक दर्जन से अधिक उड़ानें शनिवार को रद्द कर दी गईं।

संयुक्त अमेरिका-इजरायल हमले के बाद ईरान द्वारा इजरायल और खाड़ी क्षेत्र में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई किए जाने से क्षेत्र के कई देशों ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है और नागरिक उड़ानों पर रोक लगा दी है।

त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (टीआईए) प्राधिकरण ने बताया कि शनिवार शाम तक काठमांडू से पश्चिम एशिया के विभिन्न शहरों के लिए रवाना होने वाली तथा वहां से आने वाली कुल 14 उड़ानें रद्द कर दी गईं। टीआईए, नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएएएन) के अधीन कार्य करता है।

अधिकारियों के अनुसार, नेपाल एयरलाइंस, हिमालय एयरलाइंस, कतर एयरवेज, एयर अरेबिया, फ्लाईदुबई और कुवैत एयरवेज की कई उड़ानें रद्द की गईं। इनमें हिमालय एयरलाइंस ने सर्वाधिक छह उड़ानें निरस्त कीं।

उड़ानें रद्द होने के बाद बड़ी संख्या में यात्री त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर फंस गए, जिससे टर्मिनल परिसर में भीड़ बढ़ गई और यात्री आगे की जानकारी का इंतजार करते रहे।

हिमालय एयरलाइंस ने सोशल मीडिया पर जारी नोटिस में कहा, “मध्य पूर्व के हवाई क्षेत्र में मौजूदा स्थिति के कारण दुबई, दमाम और दोहा के लिए हमारी सभी उड़ानें अगले आदेश तक रद्द की जाती हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे हमारी आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों और वेबसाइट पर नवीनतम जानकारी प्राप्त करते रहें।”

नेपाल एयरलाइंस ने भी जानकारी दी कि मध्य पूर्व की मौजूदा परिस्थितियों के कारण 28 फरवरी और 1 मार्च 2026 को निर्धारित आरए 229/230 (काठमांडू-दुबई-काठमांडू) और आरए 239 (काठमांडू-दोहा-काठमांडू) उड़ानें अगले आदेश तक रद्द की गई हैं। दमाम की उड़ानों की स्थिति जल्द अपडेट की जाएगी।

इससे पहले टीआईए प्राधिकरण ने यात्रियों को आगाह किया था कि कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें विलंबित, पुनर्निर्धारित या रद्द हो सकती हैं। यात्रियों से एयरपोर्ट आने से पहले संबंधित एयरलाइंस से अपनी उड़ान की ताजा स्थिति की पुष्टि करने की अपील की गई है।

हवाईअड्डा प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए एयरलाइंस और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

–आईएएनएस

डीएससी


Show More
Back to top button