होलिका दहन से होली तक लखनऊ पुलिस अलर्ट, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

लखनऊ, 28 फरवरी (आईएएनएस)। होलिका दहन एवं होली पर्व के मद्देनजर लखनऊ पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक प्रबंध किए हैं। इस संबंध में संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार ने बताया कि होली का त्योहार 4 तारीख तक मनाया जाएगा। यह उत्साह और खुशियों का पर्व है, जिसे शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस टीम कई दिनों से तैयारी में जुटी हुई है।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व के सभी विवादों का सत्यापन कर लिया गया है और संवेदनशील स्थानों की पहचान की जा चुकी है। प्रत्येक थाने और एसीपी स्तर पर क्षेत्र के संभ्रांत लोगों, आयोजकों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की गई हैं, ताकि बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके और किसी भी संभावित समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके।
संयुक्त पुलिस आयुक्त के अनुसार, पूरे जनपद में लगभग 3800 स्थानों पर होलिका दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक स्थान पर मोबाइल पार्टियां और स्टैटिक फोर्स तैनात की गई है। साथ ही हर आयोजन स्थल पर आयोजकों के साथ चार-पांच जिम्मेदार व्यक्तियों का समूह गठित कर उन्हें कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 3 और 4 तारीख को रंगों के त्योहार के दौरान पुलिस ने दो शिफ्टों में ड्यूटी लगाई है। विशेष रूप से पुराने शहर क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर लगभग 14 कंपनी पीएसी का भी डिप्लॉयमेंट किया गया है। इसके अलावा कार्यालयों एवं अन्य इकाइयों के पुलिस बल को भी त्योहार के दिन दो शिफ्टों में तैनात किया जाएगा, ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके और रिस्पॉन्स टाइम न्यूनतम रखा जा सके। पिछले तीन वर्षों के दौरान जिन क्षेत्रों को हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया था, वहां पीआरवी (पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल) गाड़ियों की विशेष तैनाती की गई है। एलआईयू और सिविल पुलिस थानों की मदद से पूर्व में उपद्रव कर चुके खुराफातियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध पाबंद की कार्रवाई भी की गई है, ताकि वे त्योहार के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी न कर सकें।
उन्होंने आगे कहा कि पुलिस की सोशल मीडिया टीम 24 घंटे निगरानी रखेगी, ताकि कोई भी व्यक्ति फर्जी खबर, अफवाह या भ्रामक संदेश फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश न कर सके। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली का त्योहार खुशी, उत्साह और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं, लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि किसी को असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की खुराफात या बदमाशी करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
–आईएएनएस
पीएसके