टी20 वर्ल्ड कप : 'रेहान-जैक्स ने मैच को न्यूजीलैंड से छीन लिया', जीत से गदगद नजर आए इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक
कोलंबो, 27 फरवरी (आईएएनएस)। इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शुक्रवार को न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया। सुपर-8 राउंड के इस मुकाबले में इंग्लिश टीम एक समय पर हार की तरफ बढ़ रही थी। हालांकि, विल जैक्स और रेहान अहमद ने सिर्फ 16 गेंदों में 44 रनों की अटूट साझेदारी निभाते हुए हारी हुई बाजी को पलट दिया। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने भी इन दोनों बल्लेबाजों की जमकर सराहना की है।
गेंदबाजी में 2 विकेट निकालने के बाद विल जैक्स ने 18 गेंदों में 32 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, रेहान ने 7 गेंदों में 19 रन बनाए और टीम को जीत दिलाकर लौटे।
सुपर-8 राउंड के लगातार तीसरे मैच में मिली जीत से इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक गदगद नजर आए। उन्होंने कहा, “हां, हमने नेट्स में रेहान को देखा है कि वह क्या कर सकते हैं। रेहान बहुत ही अच्छा खेले और उन्होंने विल जैक्स के साथ मिलकर जीत को न्यूजीलैंड से छीन लिया। विल जैक्स ने चौथी बार प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीता, जो सबसे ज्यादा है। इसी कारण जैक्स अपने प्रदर्शन से काफी खुश हैं।”
इंग्लैंड ने इस मुकाबले के लिए जेमी ओवरटन को बाहर बैठाकर रेहान अहमद को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया था। कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा कि हमने टूर्नामेंट की शुरुआत से ही सभी खिलाड़ियों को यह बात बता रखी थी कि हम परिस्थितियों के हिसाब से टीम का चुनाव करेंगे। हमें लगा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मुकाबले में रेहान को मौका देना चाहिए और उन्होंने कमाल का प्रदर्शन करके दिखाया।
न्यूजीलैंड से मिले 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। फिल साल्ट 2 रन बनाकर आउट हुए, तो जोस बटलर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। कप्तान हैरी ब्रूक ने 26 रनों का योगदान दिया, जबकि जैकब बेथेल ने 21 रन बनाए। टॉम बैंटन टूर्नामेंट में पहली बार अच्छी लय में दिखाई दिए, और उन्होंने 24 गेंदों में 33 रनों की अहम पारी खेली। सैम करन ने 24 रन बनाए। 117 रनों के स्कोर पर 6 विकेट गंवाकर इंग्लैंड एक समय पर मुश्किल में दिख रही थी।
हालांकि, विल जैक्स और रेहान अहमद की महत्वपूर्ण साझेदारी ने बाजी को पलट दिया। जैक्स-रेहान ने सातवें विकेट के लिए सिर्फ 16 गेंदों में 44 रनों की अटूट साझेदारी निभाई, जिसके दम पर इंग्लैंड ने 3 गेंद शेष रहते हुए 6 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया।
–आईएएनएस
एसएम/एबीएम