जानिए टी20 फॉर्मेट में जिम्बाब्वे के खिलाफ कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड?


नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। भारत और जिम्बाब्वे के बीच 26 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ‘सुपर-8’ मैच खेला जाना है। टीम इंडिया को इस टूर्नामेंट में अपने पहले सुपर-8 मैच में करारी हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन यह संतोष की बात है कि जिम्बाब्वे के विरुद्ध भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है।

भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 फॉर्मेट में अब तक कुल 13 मैच खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया ने 10 मुकाबले जीते। सिर्फ 3 ही मैच जिम्बाब्वे के पक्ष में रहे। दोनों देश टी20 वर्ल्ड कप में अब तक सिर्फ एक ही बार आमने-सामने रहे हैं, जिसे भारत ने अपने नाम किया था। भारत-जिम्बाब्वे के बीच द्विपक्षीय सीरीज के सभी मैच हरारे (जिम्बाब्वे) में खेले गए हैं।

दोनों देशों के बीच टी20 क्रिकेट का पहला मैच 12 जून 2010 को खेला गया था, जिसे भारत ने 6 विकेट से जीता। 13 जून को सीरीज के दूसरे और अंतिम मुकाबले में 7 विकेट से जीत हासिल करते हुए टीम इंडिया ने क्लीन स्वीप किया।

इसके बाद भारत ने साल 2015 में इस देश के खिलाफ 2 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेली, जो 1-1 से ड्रॉ रही। जून 2016 में भारत-जिम्बाब्वे के बीच 3 मुकाबलों की सीरीज खेली गई, जिसका पहला मैच मेजबान जिम्बाब्वे ने 2 रन के करीबी अंतर से अपने नाम किया, लेकिन अगले दो मुकाबलों को भारत ने जीतकर सीरीज 2-1 से अपने नाम की।

इसके बाद दोनों देश टी20 वर्ल्ड कप 2022 में आमने-सामने आए, जिसमें भारत ने 186/5 का स्कोर बनाने के बाद जिम्बाब्वे को महज 115 रन पर समेट दिया। यह मैच मेलबर्न में खेला गया था।

जुलाई 2024 में भारत ने इस देश के विरुद्ध 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेली। जिम्बाब्वे ने सीरीज के पहले मैच को 13 रन से जीतकर सभी को चौंकाया, लेकिन टीम इंडिया ने शानदार पलटवार करते हुए अगले मुकाबले को 100 रन से अपने नाम किया।

सीरीज के तीसरे मैच को टीम इंडिया ने 23 रन से जीता, जिसके बाद अगले मुकाबले में 10 विकेट से शानदार जीत हासिल करते हुए अजेय बढ़त हासिल की। अंतिम मुकाबले को टीम इंडिया ने 42 रन से जीतकर सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button