यूथ कांग्रेस के प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की केसी वेणुगोपाल ने की निंदा


नई दिल्ली, 23 फरवरी (आईएएनएस) कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भारतीय युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हुई पुलिसिया कार्रवाई की निंदा की। एआई समिट के दौरान हुए प्रदर्शन के सिलसिले में दिल्ली पुलिस द्वारा भारतीय युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।

कांग्रेस के युवा संगठन द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए एक पोस्ट को रीशेयर करते हुए केसी वेणुगोपाल ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतंत्र का एक मौलिक हिस्सा है और इसे अपराध के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

उन्होंने लिखा कि एआई शिखर सम्मेलन में विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में दिल्ली पुलिस द्वारा आईवाईसी अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं की हिरासत की हम कड़ी निंदा करते हैं। यह सरकार भूल गई है कि विरोध प्रदर्शन लोकतंत्र की आत्मा है, अपराध नहीं।

उन्होंने आगे लिखा कि हमारे आईवाईसी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की नीतियों को बहादुरी से उजागर किया। यह शांतिपूर्ण तरीके से किया गया, बिना किसी हिंसा को भड़काए। यह हिरासत पूरी तरह अवैध है। हम मांग करते हैं कि उन्हें तुरंत रिहा किया जाए और सभी आरोप वापस लिए जाएं।

वहीं, इससे पहले कांग्रेस युवा संगठन आईवाईसी ने जनता से समर्थन की अपील भी की और कहा कि यह मुद्दा केवल पार्टी का नहीं है, बल्कि लोकतंत्र की प्रकृति से जुड़ा है।

पुलिस की कार्रवाई पर यूथ कांग्रेस की तरफ से कहा गया है कि हमारे कार्यकर्ताओं के खिलाफ की गई गैरकानूनी कार्रवाई और आईवाईसी अध्यक्ष की गिरफ्तारी को लेकर आईवाईसी मुख्यालय में आपातकालीन बैठक चल रही है। हम एकजुट हैं, दृढ़ संकल्पित हैं, और भारत की लोकतांत्रिक भावना की रक्षा के लिए तैयार हैं।

यूथ कांग्रेस का कहना है कि दिल्ली पुलिस द्वारा यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष को गैरकानूनी रूप से हिरासत में लेना बताता है कि एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन ने प्रधानमंत्री और भाजपा की नींद उड़ा दी है। यह लड़ाई अब सिर्फ हमारी नहीं, बल्कि जनता की है, और सबको मिलकर तय करना होगा कि उन्हें कैसा लोकतंत्र चाहिए।

–आईएएनएस

एएमटी


Show More
Back to top button