न्यूयॉर्क में ब्लिजर्ड अलर्ट से हड़कंप: आखिर क्या होती है ये चेतावनी?

वाशिंगटन, 23 फरवरी (आईएएनएस)। न्यूयॉर्क इन दिनों बर्फीले तूफान की गिरफ्त में है। आपातकाल जैसी स्थिति है। स्कूल बंद हैं, उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, और लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है। न्यूयॉर्क सिटी और अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में ब्लिजर्ड अलर्ट जारी होते ही जनजीवन प्रभावित हो गया। लेकिन सवाल यह है कि ब्लिजर्ड अलर्ट वास्तव में होता क्या है और यह सामान्य बर्फबारी से कितना अलग है?
ब्लिजर्ड दरअसल एक तेज गति से आता बर्फीला तूफान होता है, जिसमें भारी हिमपात के साथ लगातार तेज हवाएं चलती हैं। मौसम विज्ञान की परिभाषा के अनुसार, यदि हवा की रफ्तार कम से कम 35 मील प्रति घंटा या उससे अधिक हो और दृश्यता एक चौथाई मील से कम हो जाए तथा यह स्थिति कम से कम तीन घंटे तक बनी रहे, तो उसे ब्लिजर्ड कहा जाता है। इस दौरान गिरती बर्फ और तेज हवाएं मिलकर “व्हाइटआउट” जैसी स्थिति पैदा कर देती हैं, जिसमें सामने कुछ भी साफ दिखाई नहीं देता।
ब्लिजर्ड अलर्ट जारी होने का मतलब यह है कि ऐसे खतरनाक हालात की आशंका बहुत अधिक है या वे शुरू हो चुके हैं। नेशनल वेदर सर्विस जैसी एजेंसियां उपग्रह, रडार और मौसम मॉडल के आधार पर चेतावनी जारी करती हैं ताकि लोग पहले से तैयारी कर सकें। न्यूयॉर्क जैसे घनी आबादी वाले शहर में इसका असर व्यापक होता है क्योंकि सार्वजनिक परिवहन, आपात सेवाएं और हवाई यातायात सीधे प्रभावित होते हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक कुछ दिन पहले ऐसा लग रहा था कि सर्दियों का तूफान न्यूयॉर्क सिटी इलाके में कुछ इंच बर्फ गिराएगा, लेकिन अब यह पूरी तरह से नॉर-ईस्टर बन गया है, जिससे ट्राई-स्टेट के कुछ हिस्सों में डेढ़ फीट से ज्यादा बर्फ जम गई है और इसमें लगातार इजाफा हो रहा है।
तेज हवाओं ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं, जिससे हर घंटे लगभग 4 इंच बर्फबारी के बीच खतरनाक व्हाइटआउट के हालात बन गए हैं। पूरे ट्राई-स्टेट (न्यूयार्क, न्यूजर्सी और कनेक्टिकट) में इमरजेंसी लागू है, साथ ही ट्रैवल बैन भी हैं। नॉर-ईस्टर की वजह से पब्लिक ट्रांसपोर्ट और हवाई यात्रा रुक गई है।
ब्लिजर्ड के दौरान सड़कों पर बर्फ की मोटी परत जम जाती है, बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है, और तापमान अत्यधिक गिरने से हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे समय में प्रशासन लोगों से घर के अंदर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और आवश्यक वस्तुओं का स्टॉक रखने की अपील करता है।
–आईएएनएस
केआर/