मैक्सिको के कुख्यात ड्रग माफिया को आर्मी ने मार गिराया, कई इलाकों में भड़की हिंसा

वॉशिंगटन, 23 फरवरी (आईएएनएस)। मैक्सिकन सिक्योरिटी फोर्स ने सबसे ताकतवर और खूंखार ड्रग माफिया ‘एल मेंचो’ के नाम से जाने वाले नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वेंट्स को मार गिराया है। इसके बाद कई राज्यों में हिंसक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।
यूएस के डिप्टी सेक्रेटरी ऑफ स्टेट क्रिस्टोफर लैंडौ ने बताया कि मैक्सिकन फोर्स ने ‘एल मेंचो’ को मार दिया है। लैंडौ ने एक्स पोस्ट पर लिखा, “यह मेक्सिको, यूएस, लैटिन अमेरिका और दुनिया के लिए एक बहुत बड़ी बात है। अच्छे लोग बुरे लोगों से ज्यादा ताकतवर हैं।”
एक अलग पोस्ट में लैंडौ ने कहा कि वह “मेक्सिको से हिंसा देखकर बहुत दुखी और चिंतित हैं। यह कोई हैरानी की बात नहीं है कि बुरे लोग डर के साथ जवाब दे रहे हैं, लेकिन हमें कभी हिम्मत नहीं हारनी चाहिए!”
यूएएस स्टेट डिपार्टमेंट ने अमेरिकी नागरिकों के लिए इमरजेंसी नंबर भी जारी किए है। यूएएस और कनाडा से कॉल करने वालों के लिए 1-888-407-4747 और मेक्सिको समेत विदेश से कॉल करने वालों के लिए +1 202-501-4444 नंबर जारी किया गया है।
द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, मैक्सिको की मिलिट्री ने एक ऑपरेशन में ओसेगुएरा को मार डाला, जो ऑर्गनाइज्ड क्राइम के लिए अब तक का सबसे बड़ा झटका था। इस हत्या ने कार्टेल के खिलाफ सरकार की लड़ाई को और बढ़ा दिया और गैंग की हिंसक प्रतिक्रिया शुरू हो गई है।
वॉशिंगटन पोस्ट ने बताया कि कार्टेल लीडर की मौत से जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल के कंट्रोल वाले इलाकों में हिंसा फैल गई, जिसमें ग्वाडलहारा और दूसरे शहरों में कारें जलाना और सड़कें जाम करना शामिल था।
फॉक्स न्यूज ने कहा कि ओसेगुएरा उर्फ ‘एल मेंचो’ को जलिस्को में एक मिलिट्री ऑपरेशन में मारा गया। सीएनएन ने बताया कि रेड के बाद कई राज्यों में हिंसा भड़क गई, जिसमें संदिग्ध कार्टेल सदस्यों ने बसों और दुकानों में आग लगा दी और सिक्योरिटी फोर्स के साथ झड़प हुई।
न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, सेना द्वारा कार्टेल लीडर को मारने के बाद प्यूर्टो वालार्टा में बंदूकधारियों ने हाईवे जाम कर दिए और गाड़ियों में आग लगा दी।
गौरतलब है कि ओसेगुएरा जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल का हेड था, जिसे सीजेएनजी के नाम से जाना जाता था। यूएस अधिकारियों ने पहले उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले को 15 मिलियन डॉलर तक का इनाम देने की पेशकश की थी। एल मेंचो पर अमेरिका में ड्रग तस्करी के आरोप लगे थे और उसे लंबे समय से अमेरिका में फेंटानिल और मेथामफेटामाइन के फ्लो में एक मुख्य व्यक्ति के तौर पर देखा जाता था।
मेक्सिको का यह ऑपरेशन ड्रग तस्करी पर रोक लगाने के लिए वाशिंगटन के लगातार दबाव के बीच हुआ है। हाल के महीनों में अमेरिकी प्रशासन ने मैक्सिको पर कार्टेल के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का दबाव डाला है, जबकि मैक्सिकन नेताओं ने सीधे अमेरिकी सैन्य दखल से इनकार कर दिया है।
–आईएएनएस
ओमप्रकाश/एएस