पांच दिवसीय भारत दौरे के बाद ब्राजील के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति लूला


नई दिल्ली, 22 फरवरी (आईएएनएस)। ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा का भारत दौरा पूरा हुआ। राष्ट्रपति लूला रविवार को अपने देश वापस लौटने के लिए भारत से रवाना हुए। विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। राष्ट्रपति लूला 18 से लेकर 22 फरवरी तक भारत के दौरे पर थे।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विदेश मंत्रालय की तरफ से जानकारी दी गई, “एक सफल दौरा खत्म हुआ! राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा के दौरे ने भारत और ब्राजील के बीच रणनीतिक साझेदारी को काफी बढ़ावा दिया और कई आगे बढ़ने वाले नतीजे दिए। उन्हें एमओएस पबित्रा मार्गेरिटा ने विदा किया।”

इससे पहले राष्ट्रपति लूला ने एक्स पर भारत दौरे की खास वीडियो साझा कर लिखा, “ब्राजील और भारत सिर्फ ग्लोबल साउथ की दो बड़ी डेमोक्रेसी नहीं हैं। हम दुनिया की फार्मेसी और दुनिया के अन्नदाता के बीच, एक डिजिटल सुपरपावर और एक रिन्यूएबल एनर्जी पावरहाउस के बीच मिलन बिंदु हैं। दो बहुत अलग-अलग तरह के देश, जिनकी सांस्कृतिक ताकत और बहुपक्षवाद और शांति के लिए कमिटमेंट है।”

उन्होंने आगे कहा कि अगर हम मिलकर काम करें, तो हम ब्राजील और भारत के बीच आपसी संबंध को मजबूत करेंगे, हम मर्कोसुर के साथ अपने संबंध को मजबूत करेंगे, और हम ग्लोबल साउथ को मजबूत करेंगे।

शनिवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। विदेश मंत्रालय ने दोनों देशों के बीच हुई बातचीत और समझौते को लेकर विस्तार से जानकारी जारी की है।

दोनों नेताओं के बीच हुई द्विपक्षीय बैठक के बाद पीएम मोदी ने संयुक्त बयान में कहा, “राष्ट्रपति लूला और उनके डेलिगेशन का स्वागत करते हुए मुझे अत्यंत खुशी हो रही है। जिस आत्मीयता और गर्मजोशी के साथ आपने पिछले साल ब्राजील में मेरा स्वागत किया था, आज उसी भाव के साथ मैं आपका अभिनंदन करता हूं। यह मेरे लिए विशेष संतोष का विषय है। भारत और ब्राजील के संबंधों को राष्ट्रपति लूला की दूरदृष्टि और प्रेरक संबंधों का लंबे समय से लाभ मिलता रहा है।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “बीते कुछ वर्षों में मुझे इनसे कई बार मिलने का सौभाग्य मिला है। हर मुलाकात में भारत के प्रति इनकी गहरी मित्रता और विश्वास को महसूस किया है। राष्ट्रपति लूला के इस दौरे ने एआई इम्पैक्ट समिट की शोभा भी बढ़ाई और हमारी रणनीतिक साझेदारी को नई ऊर्जा भी दी है। मैं उनकी मित्रता और दोनों देशों के संबंधों के प्रति कमिटमेंट के लिए आभार व्यक्त करता हूं।”

–आईएएनएस

केके/एएस


Show More
Back to top button