भारत-साउथ अफ्रीका के बीच टी20 फॉर्मेट में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले 5 बल्लेबाज
नई दिल्ली, 21 फरवरी (आईएएनएस)। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच रविवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर-8 मैच खेला जाना है। दोनों देशों के बीच अब तक कुल 35 टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें सर्वाधिक छक्के लगाने वाले टॉप-5 खिलाड़ियों में 2 भारतीय हैं।
इस लिस्ट में डेविड मिलर शीर्ष पर हैं, जिन्होंने साल 2011 से 2025 के बीच 28 मुकाबलों में 33.11 की औसत के साथ कुल 563 रन बनाए, जिसमें एक शतक शामिल है। इस दौरान उनके बल्ले से 36 छक्के निकले।
दूसरी ओर, तिलक वर्मा इस लिस्ट में टॉप भारतीय हैं, जिन्होंने साल 2023 से अब तक साउथ अफ्रीका के खिलाफ 10 मुकाबलों में 28 छक्के लगाए हैं। इस दौरान तिलक 2 शतक भी लगा चुके हैं।
हेनरिक क्लासेन ने साल 2018 से 2024 के बीच भारत के खिलाफ कुल 14 टी20 मैच खेले, जिसमें 26.30 की औसत के साथ 342 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 25 छक्के निकले। वहीं, सूर्यकुमार यादव 2022 से अब तक साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 15 मुकाबलों में इतने ही छक्के लगा चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 406 रन निकले हैं।
क्विंटन डी कॉक ने साल 2014 से 2025 के बीच भारत के विरुद्ध 15 मैच खेले, जिसमें 42.25 की औसत के साथ 507 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 24 छक्के निकले।
भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज के सभी मैच जीते। ग्रुप-ए में टीम इंडिया ने यूएसए पर 29 रन की जीत के साथ शुरुआत की और फिर नामीबिया को 93 रन से हराया। पाकिस्तान के खिलाफ 61 रन की जीत ने उनका दबदबा दिखाया, जबकि अहमदाबाद में नीदरलैंड्स पर 17 रन की जीत ने उनके ग्रुप-स्टेज में बिना हारे रहने का सिलसिला पक्का कर दिया।
दूसरी ओर, ग्रुप-डी में साउथ अफ्रीका का प्रदर्शन भी उतना ही शानदार रहा। इस टीम ने सभी चार मैच जीते। उन्होंने कनाडा पर 57 रन की जीत के साथ शुरुआत की, एक रोमांचक डबल सुपर ओवर में अफगानिस्तान को हराया, जिसके बाद न्यूजीलैंड को 7 रन से मात देने के बाद अपने आखिरी मैच में यूएई के खिलाफ 6 विकेट से जीत हासिल की।
–आईएएनएस
आरएसजी