असम राइफल्स की बड़ी सफलता, मिजोरम में करोड़ों रुपए की मेथामफेटामाइन टैबलेट जब्त, संदिग्ध गिरफ्तार


दिसपुर, 21 फरवरी (आईएएनएस)। असम राइफल्स ने मिजोरम के लॉन्गतलाई जिले में बड़ी कार्रवाई की। उन्होंने 20 फरवरी को 11.85 करोड़ रुपए कीमत की मेथामफेटामाइन टैबलेट जब्त कीं और चार लोगों को गिरफ्तार किया।

असम राइफल्स को खुफिया सूत्रों से गैरकानूनी मेथामफेटामाइन टैबलेट की तस्करी की जानकारी मिली थी। इसके आधार पर उन्होंने लॉन्गतलाई जिले के काकिछुहा गांव के पास एक मोबाइल वाहन चेक पोस्ट लगाया। दोपहर करीब 11:30 बजे कोलाडाइन नदी के रास्ते म्यांमार से भारत आ रही एक नाव को रोका गया।

नाव में सवार चार संदिग्धों की गहन तलाशी ली गई। तलाशी में लगभग 80 हजार मेथामफेटामाइन टैबलेट बरामद हुईं। इनका वजन 3.952 किलोग्राम था और बाजार में इनकी कीमत करीब 11.85 करोड़ रुपए बताई गई है। गिरफ्तार किए गए चार लोगों में तीन म्यांमार के नागरिक और एक भारतीय नागरिक शामिल हैं।

पकड़े गए लोगों की पहचान लैरामलैना (उम्र 40 वर्ष, पुत्र जे डांगिया, बुंग्टलांग, लॉन्गतलाई, मिजोरम), चाइमोंगथीन (उम्र 17 वर्ष, थुएनैनह्वोन, म्यांमार), थानलिंग (उम्र 17 वर्ष, प्युगमौंग, म्यांमार) और थानलैग्वोन (उम्र 15 वर्ष, प्युगमौंग, म्यांमार) के रूप में हुई है।

बरामद टैबलेट और गिरफ्तार लोगों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बुंग्टलांग पुलिस स्टेशन, लॉन्गतलाई जिला, मिजोरम को सौंप दिया गया है।

असम राइफल्स भारत-म्यांमार सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने और क्षेत्र में शांति व सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। यह कार्रवाई सीमा पार से आने वाले नशीले पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है।

असम राइफल्स ने कहा कि ऐसी गैरकानूनी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इस सफलता से इलाके में सुरक्षा मजबूत हुई है और स्थानीय लोग इसे सराह रहे हैं। असम राइफल्स ने नशा मुक्त भारत के लिए अपनी जीरो टॉलरेंस नीति दोहराई है।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी


Show More
Back to top button