देश का मान-सम्मान पीएम नरेंद्र मोदी, कलंक-कांग्रेस और अभिशाप-राहुल गांधीः जीतन राम मांझी


नई दिल्ली, 21 फरवरी (आईएएनएस)। नई दिल्ली के भारत मंडप में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ को लेकर राजनीति जारी है। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को एआई समिट में पहुंचकर प्रदर्शन किया। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को लेकर सत्ता पक्ष के नेता कड़ी निंदा कर रहे हैं और राहुल गांधी पर टिप्पणी कर रहे हैं।

हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के संस्थापक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “देश का मान-सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, देश का कलंक कांग्रेस पार्टी और देश का अभिशाप राहुल गांधी हैं। राहुल गांधी कब तक बच्चे वाली हरकत करते रहिएगा? कभी तो सोचिए। आपके घर में जब मेहमान आते हैं तो आप उनके सामने हंगामा करते हैं क्या? एआई समिट हमारे देश के हर भारतीय के घर का कार्यक्रम था। इसमें इस तरह की हरकत करवाना न सिर्फ निंदनीय है, बल्कि ये घटना भारत के इतिहास के काले पन्नों में लिखी जाएगी। एआई समिट में विरोध प्रदर्शन करना शर्मनाक है।”

युवजन श्रमिका रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआर) के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने एआई समिट में कांग्रेस के प्रदर्शन को शर्मनाक बताया है। जगन मोहन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “एआई समिट में यूथ कांग्रेस ने शुक्रवार को हम सबको शर्मिंदा कर दिया। हमारी पॉलिटिक्स कहां जा रही है? किसी को भी हमारे देश को नीचा नहीं दिखाना चाहिए। हमारे पॉलिटिकल मतभेद चाहे जो भी हों, हमें हमेशा दुनिया के सामने एक साथ रहना चाहिए।”

बता दें कि ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में शुक्रवार को यूथ कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसके साथ ही सरकार के खिलाफ नारेबाजी की थी। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को तुरंत हिरासत में ले लिया। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को प्रदर्शन करने वाले 4 कार्यकर्ताओं को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने कोर्ट से आरोपियों की 5 दिन की रिमांड मांगी, जबकि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जमानत याचिका दाखिल की। फिलहाल, कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है।

–आईएएनएस

ओमप्रकाश/डीकेपी


Show More
Back to top button