एलिस पेरी ने रचा इतिहास, 350 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली ऑस्ट्रेलिया की पहली महिला खिलाड़ी बनीं
एडिलेड, 21 फरवरी (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की दिग्गज खिलाड़ी एलिस पेरी ने इतिहास रच दिया है। भारत के खिलाफ शनिवार को एडिलेड में तीसरे टी20 में उतरने के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम के लिए 350 मैच खेलने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं।
2007 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का हिस्सा, पेरी से ज्यादा मैच सिर्फ दो महिला क्रिकेटरों ने खेले हैं। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 357 और सूजी बेट्स ने 355 मैच खेले हैं।
क्रिकेट.कॉम.एयू के मुताबिक, पेरी ने कहा, “मेरे सामने कोई खास लैंडमार्क नहीं हैं। मैं बस यह अनुभव करना चाहती हूं कि यह टीम क्या कर रही है, और जब तक मैं इसमें योगदान दे रही हूं और इसमें संतुष्टि पाती हूं, तब तक मैं यहां रहना पसंद करूंगी। हमेशा आगे रोमांचक चीजें होती हैं, लेकिन हम देखेंगे कि यह कहां तक जाती है।”
पेरी के बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली मौजूदा वनडे और टेस्ट कप्तान एलिसा हीली हैं। हिली ने कुल 295 मैच खेले हैं। हीली ने घोषणा की है कि वह अगले महीने भारत के खिलाफ होने वाले डे-नाइट टेस्ट के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हो जाएंगी।
पेरी ऑस्ट्रेलिया के लिए सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर्स में से एक हैं। तीसरे टी20 मैच से पहले पेरी के करियर पर नजर डालें तो 14 टेस्ट मैचों में 2 शतक और 4 अर्धशतक की मदद से 930 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 213 है। इसके अलावा 39 विकेट भी उन्होंने लिए हैं।
165 वनडे की 137 पारियों में 3 शतक और 37 अर्धशतक लगाते हुए 4,504 रन बनाने के साथ ही 166 विकेट उनके नाम हैं। वहीं, 170 टी20 मैचों में 9 अर्धशतक की मदद से 2200 रन और 126 विकेट उनके नाम हैं।
तीन टी20 मैचों की सीरीज 1-1 से बराबरी पर है। शनिवार को एडिलेड में तीसरे टी20 मैच की विजेता टीम सीरीज की विजेता होगी।
–आईएएनएस
पीएके