साल दर साल जी रहा हूं, दिसंबर 2026 तक संन्यास ले सकता हूं: नेमार


नई दिल्ली, 21 फरवरी (आईएएनएस)। ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर नेमार का करियर चोटों की वजह से प्रभावित रहा है। इंजरी से परेशान नेमार फुटबॉल को अलविदा कहने की सोच रहे हैं।

नेमार ने शुक्रवार को ब्राजील के ऑनलाइन चैनल केज पर फुटबॉल से संन्यास लेने की संभावना जताई।

उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि अब से क्या होगा। मुझे अगले साल के बारे में भी नहीं पता। हो सकता है कि जब दिसंबर आए, तो मैं रिटायर होना चाहूं। मैं अब साल दर साल जी रहा हूं।”

नेमार ने कहा, “यह वर्ल्ड कप का साल है। इसलिए बहुत जरूरी है। ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के साथ-साथ मेरे लिए भी।”

34 साल के हो चुके नेमार ने पिछले महीने अपने बचपन के क्लब सैंटोस के साथ अपने अनुबंध का नवीनीकरण किया था। नेमार जनवरी 2025 में सैंटोस लौटे और टीम को ब्राजील की टॉप टीम बने रहने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सीजन के आखिरी पांच मैचों में पांच गोल किए।

नेमार की हाल ही में घुटने की सफल सर्जरी हुई थी। वह बार-बार होने वाली चोटों से जूझ रहे हैं। इंजरी ने उनके करियर पर असर डाला है। ब्राजील के लिए अब तक के सबसे ज्यादा 79 गोल करने वाले नेमार अक्टूबर 2023 के बाद से राष्ट्रीय टीम के लिए नहीं खेले हैं। इससे आने वाले फुटबॉल विश्व कप में भी उनके खेलने पर सवाल है।

ब्राजील के मैनेजर कार्लो एंसेलोटी ने पिछले साल बार-बार कहा है कि 2026 वर्ल्ड कप के लिए सिर्फ पूरी तरह से फिट खिलाड़ियों पर ही विचार किया जाएगा। विश्व कप 11 जून से 19 जुलाई तक कनाडा, मैक्सिको और यूनाइटेड स्टेट्स में खेला जाना है।

नेमार ने 18 साल की उम्र में 2010 में ब्राजील की फुटबॉल टीम के लिए खेलना शुरू किया था। उस समय उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें दुनिया का अगला बड़ा सितारा माना जा रहा था। कई मौकों पर नेमार ने अपनी असाधारण प्रतिभा दिखाई भी, लेकिन इंजरी ने उनके करियर को बुरी तरह प्रभावित किया है। इंजरी ने उनके कई महत्वपूर्ण साल खराब किए और इस दौरान उनसे जूनियर रहे खिलाड़ी काफी आगे निकल गए।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button