रणवीर सिंह को मिली धमकी मामले में आरोपी हेरी बॉक्सर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी


मुंबई, 21 फरवरी (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह के मैनेजर को मिली धमकी के मामले में अब मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़े सुराग मिले हैं और उन्होंने बिश्नोई गैंग के सदस्य हरिचंद्र उर्फ हेरी बॉक्सर के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कर दिया है।

मुंबई क्राइम ब्रांच ने वॉइस नोट की जांच पूरी कर ली है और जांच में पाया गया कि आवाज हेरी बॉक्सर की है। पुष्टि के बाद धमकी देने वाले आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लुक आउट सर्कुलर जारी कर दिया है।

मुंबई पुलिस ने अभिनेता के मैनेजर को मिले वॉइस नोट को वेरीफाई करने के लिए पंजाब और हरियाणा पुलिस की मदद ली थी। जांच में पुष्टि हुई है कि आवाज हेरी बॉक्सर की है, जो बिश्नोई गैंग का गुर्गा है। पुष्टि के बाद मुंबई साइबर पुलिस ने रणवीर सिंह के मैनेजर विजय सुब्रमण्यम की शिकायत के आधार पर हेरी बॉक्सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल कर रही है।

पुलिस ने जानकारी में ये भी बताया कि मैनेजर को इंटरनेशनल नंबर से फोन कर भी डराने और धमकाने की कोशिश की थी। नंबर की लोकेशन यूएस वर्जिन आइलैंड्स के पास की थी। मैनेजर ने पुलिस को बताया कि इंटरनेशनल कॉल के लिए भी फिरौती की मांग की गई थी और जान से मारने की धमकी मिली थी। पुलिस लगातार इंटरनेशनल नंबर की सही लोकेशन भी पता लगाने की कोशिश कर रही है। इन सभी घटनाओं के बाद अभिनेता के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उन्हें शूटिंग के दौरान भी खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

बता दें कि हेरी बॉक्सर के वॉयस नोट में अभिनेता से 20 करोड़ की फिरौती की मांग की गई और उन्हें व रोहित शेट्टी को जान से मारने की धमकी भी दी गई। वॉयस रिकॉर्डिंग में कहा गया, “रणवीर सिंह, तू कुछ बात बोलकर मुकर गया ना, ठीक है। या तो तू उस बात पर वापस आ जा, नहीं तो मुकरने की सजा क्या होती है वो तुझे हम बताएंगे। इसलिए तेरे लिए ये वॉइस नोट छोड़ रहे हैं। रोहित शेट्टी और तुम लाइन पर आ जाओ और हम पूरे बॉलीवुड को भी ये बोल रहे हैं, नहीं तो वो अंजाम करेंगे जो कभी सोचा नहीं होगा।

–आईएएनएस

पीएस/एएस


Show More
Back to top button