होली से पहले ही चढ़ा निरहुआ-आम्रपाली का खुमार, रिलीज हुआ 'अवध में होली'


मुंबई, 20 फरवरी (आईएएनएस)। होली का पर्व नजदीक है और भोजपुरी इंडस्ट्री में इसकी तैयारी को लेकर धूम मची है। दिनेश लाल यादव और अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने इसकी शुरुआत कर दी है। शुक्रवार को अभिनेता ने अपना नया गाना ‘अवध में होली’ रिलीज कर दिया है।

यह गाना फैंस के बीच पहले से ही चर्चा में था और रिलीज के बाद काफी पसंद भी किया जा रहा है। गाने में निरहुआ ने खुद गायकी की है, जबकि इसके लिरिक्स छोटू यादव ने लिखे हैं और गाने का संगीत छोटे यादव बसाही ने तैयार किया है।

गाने में निरहुआ और आम्रपाली होली के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। दोनों की जोड़ी भोजपुरी सिनेमा में सबसे लोकप्रिय ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में से एक है। दोनों ने पहले भी कई हिट फिल्में और गाने दिए हैं। दिनेश लाल यादव ने अपने इंस्टाग्राम पर गाने का क्लिप पोस्ट किया। निरहुआ ने लिखा, “अवध में होली।”

निरहुआ और आम्रपाली का यह नया गाना इसलिए भी खास है क्योंकि गाने में अवध की संस्कृति और होली की परंपरा को भोजपुरी अंदाज में पेश किया गया है। गाने की धुन और डांस स्टेप्स काफी कमाल के हैं। इसमें जहां आम्रपाली ने साधारण सूट पहनकर लोगों का ध्यान खींचा हैं, तो वहीं निरहुआ भी उनको मैच करते हुए कुर्ता-पायजामा में नजर आ रहे हैं।

यह गाना न सिर्फ होली की मस्ती दिखाता है, बल्कि निरहुआ और आम्रपाली की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को एक बार फिर से हाइलाइट करता है।

हालांकि, भोजपुरी इंडस्ट्री किसी भी त्योहार के शुरू होने से पहले गाने रिलीज करना शुरू कर देती है और होली में तो उनके गाने काफी सुर्खियों में रहते हैं। इससे पहले पवन सिंह, यश और अक्षरा सिंह भी गाने रिलीज कर चुके हैं।

अक्षरा ने गाना ‘होली पे चले गोली’ रिलीज किया है। अभिनेत्री के गाने की खास बात ये है कि इसमें उनके साथ अभिनेता वरुण शर्मा भी नजर आ रहे हैं। वहीं, भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार ने गाना ‘सतरंगी सलवारवा’ रिलीज किया है। यह गाना दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है।

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Show More
Back to top button