गाजा पुनर्निर्माण फंड का प्रबंधन करेगा विश्व बैंक, अध्यक्ष अजय बंगा ने बताई तीन बड़ी भूमिकाएं

वाशिंगटन, 20 फरवरी (आईएएनएस)। विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा ने युद्ध प्रभावित गाजा के पुनर्निर्माण के लिए एक समर्पित ‘गाजा रिकंस्ट्रक्शन एंड डेवलपमेंट फंड’ बनाने की घोषणा की है। यह फंड अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आने वाले धन को व्यवस्थित ढंग से संभालेगा और पुनर्निर्माण परियोजनाओं में उसका उपयोग सुनिश्चित करेगा।
बंगा ने स्पष्ट किया कि विश्व बैंक इस व्यवस्था में ‘लिमिटेड ट्रस्टी’ की भूमिका निभाएगा और फंड का संचालन नवगठित बोर्ड ऑफ पीस के निर्देशों के तहत होगा।
वाशिंगटन में बोर्ड ऑफ पीस की पहली बैठक को संबोधित करते हुए बंगा ने कहा कि जैसे ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का प्रस्ताव पारित हुआ, विश्व बैंक ने तुरंत इस फंड की स्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि यह फंड अब विश्व बैंक में स्थापित हो चुका है और दानदाताओं से मिलने वाली राशि प्राप्त करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
बंगा ने कहा कि इस पूरी व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण आधार पारदर्शिता होगा। फंड देने वाले देशों को यह जानने का पूरा अधिकार है कि उनका पैसा किस तरह और कहां उपयोग हो रहा है। इसके लिए वित्तीय, कानूनी और निगरानी से जुड़े कड़े मानक लागू किए जाएंगे। जवाबदेही को ज्यादा मजबूत करने के लिए विश्व बैंक ने एक वित्तीय नियंत्रक को प्रतिनियुक्ति पर बोर्ड ऑफ पीस के साथ जोड़ा है, ताकि सर्वोत्तम मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
विश्व बैंक समूह की व्यापक भूमिका पर बोलते हुए बंगा ने तीन प्रमुख क्षेत्रों का उल्लेख किया। पहला, सार्वजनिक वित्त का अधिकतम उपयोग। उन्होंने बताया कि विश्व बैंक की उच्च क्रेडिट रेटिंग निजी बांड के माध्यम से अतिरिक्त संसाधन जुटाने में मदद कर सकती है। दूसरा, निजी निवेश को जोखिम से मुक्त बनाना। इसके तहत बैंक गारंटी और वित्तीय उपकरणों के जरिए निजी पूंजी को आकर्षित कर सकता है। तीसरा, विश्व बैंक के पास जमीनी स्तर का अनुभव और विशेषज्ञता है, जिसका उपयोग गाजा के पुनर्निर्माण में किया जाएगा।
बंगा ने कहा कि विश्व बैंक केवल दूर से निगरानी करने वाला संस्थान नहीं बनेगा, बल्कि सक्रिय भागीदारी निभाएगा ताकि गाजा और क्षेत्र के लोगों को बेहतर जीवन का अवसर मिल सके।
बैठक में प्रस्तुत पुनर्निर्माण योजना में आवास, बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सेवाओं के बड़े पैमाने पर पुनर्निर्माण का खाका शामिल है। साथ ही गाजा में एक नई फिलिस्तीनी प्रशासनिक व्यवस्था बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। कई देशों ने अरबों डॉलर की सहायता देने का वादा किया, जिनमें संयुक्त राज्य अमेरिका ने 10 अरब डॉलर की प्रतिबद्धता जताई है।
विश्व बैंक की भागीदारी से गाजा के युद्धोत्तर पुनर्निर्माण को एक संरचित और संस्थागत वित्तीय ढांचा मिला है, जिसे हाल के वर्षों की सबसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय पहल माना जा रहा है।
–आईएएनएस
वीकेयू/एएस