20 फरवरी को असम में वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम–II लॉन्च करेंगे गृह मंत्री अमित शाह


नई दिल्ली, 19 फरवरी (आईएएनएस)। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को असम में वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम–II (वीवीपी–II) लॉन्च करेंगे। यह प्रोग्राम सीमांत गांवों को मजबूत बनाने और सीमावर्ती क्षेत्रों में सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के प्रयासों में एक अहम पड़ाव होगा। वीवीपी–II प्रोग्राम शुक्रवार, 20 फरवरी को कछार जिले के नाथनपुर गांव में आधिकारिक रूप से लॉन्च किया जाएगा।

वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम–II को सैचुरेशन-बेस्ड और कन्वर्जेंस-ड्रिवन अप्रोच के जरिए सीमांत गांवों का पूर्ण और सतत विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यह प्रोग्राम जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने, आधारभूत सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने और रोजगार के सतत अवसर निर्मित करने पर बल देता है। इससे विकसित भारत 2047 के विजन के अनुसार सुरक्षित, मजबूत और समृद्ध सीमावर्ती समुदायों को प्रोत्साहन मिलता है।

इन गांवों को मजबूत करने के साथ-साथ यह प्रोग्राम स्थानीय निवासियों को देश की आंख और कान बनने में भी मदद करता है, जिससे सीमा सुरक्षा, सीमापार अपराधों को रोकने और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने में अहम योगदान मिलता है।

वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम–II एक केन्द्रीय योजना है, जिसका व्यय वित्त वर्ष 2028-29 तक 6,839 करोड़ रुपए निर्धारित किया गया है। वीवीपी–II को 15 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों में लागू किया जाएगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस कार्यक्रम से एक दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वह कल असम में वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम–II (वीवीपी–II) लॉन्च करेंगे। उन्होंने कहा कि वीवीपी ने सबसे पहले भारत के सीमावर्ती गांवों के विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण को साकार किया।

उन्होंने आगे लिखा कि वीवीपी ने देश के अन्य हिस्सों में उपलब्ध सभी सुविधाएं सीमावर्ती गांवों तक पहुंचाईं। इसने सीमावर्ती गांवों से पलायन को रोका, उन्हें समृद्ध निवास केंद्र बनाया और सीमा सुरक्षा को कई गुना बढ़ाया। वीवीपी–II इन लाभों को अधिक गांवों तक पहुंचाकर सीमाओं को और मजबूत करेगा।

वहीं असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पर लिखा कि असम गृह मंत्री अमित शाह के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि वह शुक्रवार को राज्य की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए कई पहल लोगों को समर्पित करेंगे। साथ ही, गृह मंत्री 21 तारीख को सीआरपीएफ दिवस समारोह में भी शामिल होंगे।

–आईएएनएस

एएमटी/एमएस


Show More
Back to top button